भारतीय टीम से बाहर चल रहे करुण नायर के नाबाद 142 रन की मदद से कर्नाटक ने केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के मैच के पहले दिन शनिवार को तीन विकेट पर 319 रन बना लिए। पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक ने सलामी बल्लेबाज अनीश केवी (आठ) और कप्तान मयंक अग्रवाल (पांच) के विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद नायर और विकेटकीपर कृष्णन श्रीजीत (65) ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके पारी को संभाला।
स्मरण रविचंद्रन (143 गेंद में 88 रन ) क्रीज पर नायर के साथ मौजूद थे। नायर ने अपनी पारी में 14 चौके और दो छक्के लगाये जबकि श्रीजीत ने दस चौके जड़े। न्यू चंडीगढ में ग्रुप बी के एक अन्य मैच में पंजाब ने कप्तान उदय सहारन के 247 गेंद में 100 रन की मदद से गोवा के खिलाफ पांच विकेट पर 215 रन बनाये। विकेटकीपर सलिल अरोड़ा भी 51 रन बनाकर खेल रहे हैं।
गोवा के लिये मध्यम तेज गेंदबाज दीपराज गोवनकर ने दो विकेट लिये। इंदौर में मध्यप्रदेश ने चंडीगढ के खिलाफ एक विकेट पर 64 रन बना लिये थे लेकिन खराब मौसम के कारण खेल रोकना पड़ा। महाराष्ट्र और सौराष्ट्र के बीच भी पहले दिन का खेल गीली आउटफील्ड के कारण नहीं हो सका।
तमिलनाडु के पॉल का शतक
प्रदोष रंजन पॉल (113 रन) ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और शतक जड़ दिया जिससे तमिलनाडु ने शनिवार को यहां विदर्भ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मैच के पहले दिन स्टंप तक चार विकेट गंवाकर 252 रन बनाये ।
पॉल ने पिछले दौर के मैच में नगालैंड के खिलाफ करियर का सर्वश्रेष्ठ दोहरा शतक बनाया था। उन्होंने 13 चौकों की मदद से 113 रन बनाए जबकि बाबा इंद्रजीत 94 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
तमिलनाडु ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद उसकी शुरूआत खराब रही। टीम ने 18 रन पर सलामी बल्लेबाज विमल कुमार (02) और आतिश एसआर (03) के रूप में दो विकेट गंवा दिए थे। पॉल ने फिर एंड्रयू सिद्धार्थ सी के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन सिद्धार्थ सी 30वें ओवर में अक्षण कर्णेवर का शिकार हो गए।
फिर पॉल ने इंद्रजीत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 179 रन की भागीदारी निभाई। पर पॉल 87वें ओवर में नचिकेत भुते की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। स्टंप तक शाहरूख खान दूसरे छोर पर इंद्रजीत के साथ मौजूद थे। कटक में अभिषेक रेड्डी (76) और श्रीकर भरत (93) के शानदार अर्धशतकों की मदद से आंध्र ने ओडिशा के खिलाफ पहले दिन तीन विकेट पर 222 रन बना लिए।
आंध्र ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज रेड्डी और भरत ने पहले विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी करके ठोस शुरुआत कराई। बादल बिस्वाल ने इस भागीदारी को तोड़ा। फिर संबित एस बराल (32 रन देकर दो विकेट) ने 55वें ओवर की लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। उन्होंने रेड्डी को और कप्तान रिकी भुई को आउट करके आंध्र का स्कोर तीन विकेट 186 रन कर दिया।
स्टंप तक शेख रशीद (25) और किर्दंत करण शिंदे (16) क्रीज पर मौजूद थे। रांची में खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया जिसमें नगालैंड ने मौसम से प्रभावित पहले दिन 31 ओवर में झारखंड का स्कोर दो विकेट पर 91 रन कर दिया। सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन (42) और विराट सिंह (16) क्रीज पर मौजूद हैं। शरणदीप सिंह (22) और कुमार सूरज (9) के रूप में दो विकेट गिरे। वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में बारिश के कारण आउटफील्ड गीली होने के कारण पहले दिन का खेल नहीं हो सका।
त्रिपुरा के खिलाफ बंगाल की ठोस शुरूआत
सुदीप घरामी के नाबाद 70 रन की मदद से बंगाल ने मेजबान त्रिपुरा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी के मैच के पहले दिन एक विकेट पर 171 रन बना लिये । पहले दिन का खेल समाप्त होने पर शाकिर हबीब गांधी 187 गेंद में नाबाद 82 रन बनाकर खेल रहे थे जिसमे 11 चौके शामिल है ।
दोनों ने दूसरे विकेट की नाबाद साझेदारी में 167 रन बनाये । खराब रोशनी के कारण मैच 60 ओवर के बाद ही रोकना पड़ा । त्रिपुरा टीम ने दिवंगत पूर्व कप्तान राजेश बानिक की स्मृति में बांह पर काली पट्टी बांधकर खेला । बानिक की शुक्रवार की रात को एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी ।
दिल्ली में विकेटकीपर बल्लेबाज सौरभ रावत के अर्धशतक की मदद से उत्तराखंड ने शुरूआती झटकों से उबरकर सेना के खिलाफ छह विकेट पर 213 रन बनाये । पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड के छह विकेट 117 रन पर गिर गए थे जिसके बाद रावत और जगदीश सुचित (नाबाद 44) ने 96 रन की अटूट साझेदारी करके पारी को संभाला ।
सेना के लिये स्पिनर विकास यादव ने 46 रन देकर चार विकेट लिये । गुवाहाटी में बारिश के कारण नौ ओवर का ही खेल हो सका जिसमे असम के खिलाफ सेना ने बिना किसी नुकसान के 39 रन बना लिये थे । अहमदाबाद में गुजरात और हरियाणा के बीच मैच में बारिश के कारण एक गेंद भी नहीं फेंकी जा सकी ।