उत्तर प्रदेश आर्यन जुयाल (109) के शतक और मोहम्मद सैफ (80) के अर्द्धशतकों के बावजूद कर्नाटक के खिलाफ 281 रन ही बना पाया। जवाब में कर्नाटक ने देवदत्त पडिक्कल (74) की अर्द्धशतकीय पारी से चार विकेट पर 168 रन बना लिए थे। स्टंप के समय अभिषेक रेड्डी 23 और गोपाल आठ रन बनाकर क्रीज पर थे। वह अभी उत्तर प्रदेश से 113 रन पीछे है जबकि उसके छह विकेट बाकी हैं। मोहित ने दो विकेट लिए। इससे पहले पांच विकेट पर 232 रन से आगे खेलने उतरे यूपी ने मात्र 59 रन जोड़कर अपने बाकी विकेट भी गंवा दिए। सैफ के अलावा सौरभ कुमार (27) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। कर्नाटक की ओर से अभिमन्यु मिथुन ने छह विकेट चटकाए।
हिमाचल ने तमिलनाडु पर बनाई 195 रन की बढ़त
गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से हिमाचल ने तमिलनाडु की पहली पारी 96 रन पर समेट दी। उसकी ओर से आर अश्विन ने सर्वाधिक 24 और जे कौशिक ने 21 रन की पारी खेली। हिमाचल के लिए वैभव अरोड़ा ने तीन, मयंक डागर, आकाश वशिष्ठ और ऋषि धवन ने दो-दो विकेट लिए। पहली पारी में 62 रन की बढ़त लेने वाले हिमाचल ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 133 रन बनाए थो इससे उसकी कुल बढ़त 195 रन हो गई है। धवन 27 रन बनाकर क्रीज पर थे। उनके अलावा सुमित वर्मा ने 36 और प्रशांत चोपड़ा ने 23 रन बनाए। तमिलनाडु के लिए अश्विन, नटराजन और साई किशोर ने दो-दो विकेट लिए।