उत्तर प्रदेश के 431 रन के जवाब में बड़ौदा ने एक विकेट पर बनाए 82 रन
मोहम्मद सैफ (123) और उपेंद्र यादव (100) के शानदार शतकों और दोनों के बीच छठे विकेट के लिए हुई 119 रन की साझेदारी से उत्तर प्रदेश ने बड़ौदा के खिलाफ 431 रन बनाए। जवाब में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बड़ौदा ने एक विकेट पर 82 रन बनाए थे। आदित्य वाघमोड़े और विष्णु सोलंकी 34-34 रन बनाकर क्रीज पर थे। टीम अभी 349 रन पीछे है जबकि उसके नौ विकेट शेष हैं। इससे पहले यूपी ने पांच विकेट पर 295 रन से आगे बढ़ाई और उसमें 136 और रन जोड़े। सैफ ने अपनी पारी में 179 गेंदें खेलकर 16 चौके तो उपेंद्र ने 165 गेंदों में 14 चौके जड़े। सौरभ कुमार ने 36 और रिकूं सिंह ने 62 रन का योगदान दिया। बड़ौदा की ओर से स्वप्निल ने तीन और भार्गव भट व अनुरीत सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए।
विदर्भ ने दो दिन में ही बंगाल को हरा दिया
आदित्य सरवटे (6/47) के दमदार प्रदर्शन से विदर्भ ने दूसरे दिन ही बंगाल को नौ विकेट से हरा दिया। पहली पारी में भी चार विकेट लेने वाले आदित्य के सामने बंगाल की दूसरी पारी 26.1 ओवर में महज 99 रन पर सिमट गई। उसके सिर्फ दो बल्लेबाज अनुष्टुप मजूमदार (29) और आकाश दीप (14*) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। विदर्भ को जीत के लिए 58 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने 13.5 ओवर में एक विकेट पर 61 रन बनाकर हासिल कर लिया। सरवटे ने 13वीं बार पारी में पांच विकेट और दूसरी बार मैच में दस विकेट चटकाए। विदर्भ ने सुबह दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 89 रन से की और अक्षय वाडकर (49) और अक्षय कर्णेवार (34) की संघर्षपूर्ण पारी से 212 रन बनाए। बंगाल की पहली पारी 170 रन पर सिमटी थी जिससे विदर्भ को 42 रन की बढ़त मिली।
पंजाब और केरल मैच रोमांचक मोड़ पर
पंजाब और केरल का मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। गुरकीरत सिंह (4/27) की उम्दा गेंदबाजी से पंजाब ने केरल की दूसरी पारी में 88 रन पर पांच विकेट झटक लिए हैं। उसकी कुल बढ़त 97 रन की हो गई है। स्टंप के समय मोहम्मद अजहरुद्दीन आठ और सलमान निजार सात रन बनाकर क्रीज पर थे। इससे पहले कप्तान मंदीप सिंह की नाबाद 71 रन और सिद्धार्थ कौल 25 की पारी के बावजूद पंजाब की टीम 218 रन ही बना सकी। मोहम्मद निधीश ने सात विकेट लेकर पंजाब को पहली पारी में बढ़त लेने से रोक दिया। केरल ने पहली पारी में 227 रन बनाए थे।
हरियाणा ने बनाई 148 रन की बढ़त
शुभम रोहिला (48), अंकित कुमार (46) और हिमांशु राणा (40) की पारियों से हरियाणा ने ओडिशा के खिलाफ दूसरी पारी में पांच विकेट पर 218 रन बनाकर 148 रन की बढ़त हासिल कर ली है। स्टंप के समय कप्तान हर्षल पटेल 25 और प्रमोद चंदिला 24 रन बनाकर क्रीज पर थे। ओडिशा की ओर से राजेश मोहंती और सूर्यकांत प्रधान ने दो-दो विकेट लिए। इससे पहले पांच विकेट पर 141 रन से खेलने उतरी ओडिशा की पहली पारी 160 रन पर सिमट गई। टीनू कूंडु ने पांच और हर्षल ने तीन विकेट लिए। हरियाणा की पहली पारी 90 रन पर ढेर हो गई जिससे ओडिशा को 70 रन की बढ़त मिली।
जेएंडके ने कसा सर्विसेज पर शिकंजा
कप्तान ऑलराउंडर परवेज रसूल (182) की शानदार पारी के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से जम्मू एंड कश्मीर ने सर्विसेज पर शिकंजा कस दिया है। जेएंडके ने पहली पारी में 360 बनाए। इसके बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 238 रन पर सर्विसेज के नौ विकेट गिरा दिए थे। स्टंप के समय सचिदानंद पांडे चार रन बनाकर क्रीज पर थे। सर्विसेज के लिए अर्जुन शर्मा ने 47, अरुण ने 48 और द्विवेश पठानिया ने 41 रन बनाए। जेएंडके की ओर से मोहम्मद मुदसिर ने तीन और उमर नाजिर ने दो विकेट चटकाए।