ग्रुप बी में रेलवे ने तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान (6/33) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से मध्यप्रदेश को 55 ओवर में 124 रन पर ढेर कर दिया। अमित मिश्रा ने भी 38 रन देकर दो विकेट चटकाए। मध्यप्रदेश की ओर से रजत पाटीदार (38) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। रेलवे ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 104 रन बनाकर अपना पलड़ा भारी रखा। सलामी बल्लेबाज मृणाल देवधर 43 जबकि सौरभ सिंह तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।
मुंबई ने शम्स मुलानी (87) और कप्तान आदित्य तारे (नाबाद 69) के बीच छठे विकेट की 155 रन की साझेदारी से तमिलनाडु के खिलाफ छह विकेट पर 284 रन बनाए। मुलानी और तारे ने उस समय टीम को संभाला जब वह 129 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद संकट में थी। तमिलनाडु की ओर से रविचंद्रन अश्विन और आर साई किशोर ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
पंजाब की टीम ने अपने गेंदबाजों सिद्धार्थ कौल (3/47), बलतेज (3/33)और विनय चौधरी (3/37) के शानदार प्रदर्शन से केरल को पहले ही दिन 227 रन पर समेट दिया। सलमान निजार 91 रन पर नाबाद रहे। कप्तान रॉबिन उथप्पा ने 48 रन बनाए। छह बल्लेबाज दहाई के अंक में नहीं पहुंच सके। जवाब में पंजाब ने बारह ओवरों में दो विकेट पर 46 रन बनाए हैं। गुरकीरत सिंह 16 और मारकंडे 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। आउट होने वाले बल्लेबाजों में सनवीर (01) और मारवाह (16) शामिल हैं।
कप्तान ऑलराउंडर परवेज रसूल (नाबाद 171) और शुभम खजूरिया (55) की मदद से जम्मू-कश्मीर ने सर्विसेज के खिलाफ 7 विकेट पर 337 रन बनाकर पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया। पालम मैदान में सर्विसेज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था लेकिन यह दांव उलटा पड़ गया।
हालांकि मेहमान टीम ने 17 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। सूर्यांश राणा (00), शुभम पुंडीर (06) जल्द आउट हो गए थे। स्कोर के 61 तक पहुंचते हेनन नजीर (22) भी पवेलियन लौट गए लेकिन चौथे विकेट पर परवेज और शुभम ने 150 रन जोड़े। परवेज के साथ आबिद मुश्ताक 27 रन पर खेल रहे हैं।
मीडियम पेसर सूर्यकांत प्रधान (6/36) की कातिलाना गेंदबाजी के आगे मेजबान हरियाणा की टीम ओडिशा के खिलाफ 31 ओवरों में 90 रन पर ऑलआउट हो गई। ओपनर शुभम रोहिल्ला ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। सात बल्लेबाज तो दहाई के अंक में नहीं पहुंच सके। जवाब में ओडिशा ने 5 विकेट पर 141 रन बनाकर 51 रन की बढ़त बना ली है।
मोहम्मद सैफ (99) और रिंकू सिंह (62) की मदद से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच में बड़ौदा के खिलाफ पहले दिन पांच विकेट पर 295 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम से ओपनर अल्मास शौकत (48) ने भी अच्छी पारी खेली।
हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के कारण टीम का स्कोर एक समय चार विकेट पर 107 रन हो गया था लेकिन सैफ और रिंकू ने पांचवें विकेट पर 126 रन जोड़कर टीम को संभाल लिया। रिंकू को अनुरीत (2/48) ने विकेट के पीछे कैच कराया। सैफ और उपेंद्र यादव (नाबाद 38) अब तक 82 रन जोड़ चुके हैं।