बंगाल ने ओडिशा के अंतिम छह विकेट 59 रन के अंदर उखाड़कर पहली पारी में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने के साथ ही अपनी स्थिति मजबूत कर ली। बंगाल के पहली पारी के 332 रन के जवाब में ओडिशा ने 250 रन बनाए।
पहली पारी में 82 रन की बढ़त हासिल करने वाले बंगाल ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 79 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 161 रन पर पहुंचा दी।
ओडिशा ने सुबह चार विकेट पर 151 रन से आगे खेलना शुरू किया और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 191 रन था लेकिन यहीं से विकेटों का पतन शुरू हो गया। कप्तान शुभ्रांशु सेनापति (46) ही कुछ योगदान दे पाए। बंगाल की तरफ से मुकेश कुमार, इशान पोरेल और नीलकांत दास ने तीन-तीन विकेट लिए।
कप्तान जयदेव उनादकट (4/42) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सौराष्ट्र ने आंध्र को पहली पारी में 136 रन पर समेटकर सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। उनादकट को धर्मेंद्र सिह जडेजा (3/27) और चिराग जॉनी (2/14) का अच्छा सहयोग मिला जिससे सौराष्ट्र पहली पारी में 283 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रहा।
पहली पारी में 419 रन बनाने वाले सौराष्ट्र ने आंध्र को फॉलोऑन नहीं दिया और तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 93 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 376 रन पर पहुंचा दी।
मध्यम गति के गेंदबाज चिंतन गजा (5/19) की शानदार गेंदबाजी से गुजरात ने गोवा को पहली पारी में 173 रन पर समेटकर शिकंजा कस दिया। गुजरात ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 602 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी।
पहली पारी में 429 रन की बढ़त लेने के बावजूद कप्तान पार्थिव पटेल ने गोवा को फॉलोऑन के लिए आमंत्रित नहीं किया। गुजरात ने दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी और तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक उसने एक विकेट पर 158 रन बनाए हैं। इस तरह से उसकी कुल बढ़त 587 रन की हो गई है।