भारतीय टीम से बाहर चल रहे मयंक अग्रवाल ने रणजी ट्रॉफी में शतक जड़ दिया है। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में कर्नाटक के कप्तान मयंक ने सौराष्ट्र के खिलाफ शानदार पारी खेली और अपनी टीम को मुश्किलों से निकाला। मयंक को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के भारतीय स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में उन्होंने शतक लगाकर चयनकर्ताओं को जवाब दिया।
कप्तान मयंक ने नाबाद शतक जड़कर अपनी टीम कर्नाटक को सौराष्ट्र के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में वापसी कराई। पहले दिन का खेल खत्म होने के समय मयंक 110 रन बनाकर खेल रहे थे, जबकि उनका साथ श्रीनिवास शरत (नाबाद 58) दे रहे थे। कर्नाटक ने पांच विकेट पर 229 रन बनाए। सौराष्ट्र के लिए कुशांग पटेल ने सर्वाधिक दो विकेट लिए।
इस शतक के साथ मयंक ने भारतीय टीम में वापसी का दावा भी ठोक दिया है। मयंक ने अब तक 246 गेंदों में 11 चौके और एक छक्का लगाया है। इससे पहले आर समर्थ तीन रन, देवदत्त पडिक्कल नौ रन, निकिन जोस 18 रन, मनीष पांडे सात रन और श्रेयस गोपाल 15 रन बनाकर आउट हुए थे। सौराष्ट्र की ओर से कुशांग पटेल ने दो विकेट लिए। वहीं, चेतन सकारिया और प्रेरक मांकड़ को एक-एक विकेट मिला।