स्पिनर कुमार कार्तिकेय की मदद से मध्यप्रदेश ने पंजाब को 10 विकेट से हराकर रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। कार्तिकेय ने दूसरी पारी में 50 रन देकर छह विकेट लिए। अन्य स्पिनर सरानेश जैन ने 100 रन देकर चार विकेट लिए। पंजाब की टीम दूसरी पारी में 203 रन पर आउट हो गई। उसके लिए अमनोल मल्होत्रा ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए। शुभमन गिल लगातार दूसरी पारी में फेल हो गए। उन्होंने 19 रन बनाए। पहली पारी में नौ रन बनाए थे।
चौथे दिन टीम पांच विकेट पर 120 रन से आगे खेलना शुरू किया था। मध्यप्रदेश को 25 रन का लक्ष्य मिला था जो बिना विकेट खोए हासिल कर लिया। पहली पारी में 102 रन की शतकीय पारी खेलने वाले शुभम को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरी ओर, बंगाल को झारखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के चौथे दिन 551 रन की मजबूत बढ़त मिल गई है। खेल समाप्ति के समय बंगाल ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 76 रन बना लिए थे। बंगाल ने दो बल्लेबाजों के शतक और सात बल्लेबाजों के अर्धशतक से पहली पारी में सात विकेट पर 773 रन पर पारी घोषित कर दी थी। उसके बाद चौथे दिन झारखंड पांच विकेट पर 139 रन से आगे खेलते हुए 298 रन पर सिमट गई थी। इस तरह बंगाल को पहली पारी में 475 रन की बढ़त मिली थी।