नए कप्तान मध्यम तेज गेंदबाज इशांत शर्मा (5/38) ने गेंद कहर बरपा कर और पूर्व कप्तान गौतम गंभीर ने शानदार सेंचुरी जड़ कर दिल्ली को मेहमान असम के खिलाफ चार दिवसीय रणजी ट्रॉफी क्रिकेट के ग्रुप ए मैच में शनिवार को दूसरे दिन फिरोजशाह कोटला मैदान पर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
पिछले रणजी सीजन में दिल्ली के कोच केपी भास्कर से विवाद के चलते कप्तानी गंवाने के बावजूद गौतम गंभीर ने नए सीजन का आगाज पूरी तरह फोकस होकर नॉटआउट सेंचुरी जड़ कर किया। गंभीर ने पिछली आईपीएल में मुंबई इंडियन की ओर से आतिशी बल्लेबाजी कर धमाल मचाने वाले बाएं हाथ के एक अन्य यंग ओपनर नीतिश राणा (110 रन, 18 चौके, 158 गेंद) के साथ तीसरे विकेट के लिए 207 रन की भागीदारी कर दूसरे दिन का खेल बंद होने तक दिल्ली के स्कोर को पहली पारी में 80 ओवर में चार विकेट पर 269 रन पर पहुंचा कर 11 रन की बढ़त दिला कर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
गौतम गंभीर ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपनी 40वीं सेंचुरी पूरी की। दूसरे दिन का खेल बंद होने के समय गंभीर 245 गेंद कर 21 चौकों की मदद से 136 और नाइटवाचमैन पुलकित नारंग तीन रन क्रीज पर डटे थे। दिल्ली के पहली पारी में छह विकेट बाकी हैं। असम के सबसे कामयाब गेंदबाज मीडियम पेसर अबू नचीम अहमद (3/39) ने पारी के 72वें ओवर में नीतिश राणा को विकेटकीपर वसीकुर रहमान के हाथों कैच करा आउट कर अपनी टीम को बड़ी राहत दिलाने के बाद मिलिंद कुमार (7)को बोल्ड कर मेजबान दिल्ली को एक और बड़ा झटका दिया।