रणजी ट्रॉफी 2021-22 का फाइनल मैच मुंबई और मध्यप्रदेश की टीम के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक मध्यप्रदेश के पास 49 रन की बढ़त है। मुंबई ने दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 113 रन बना लिए हैं। इस मैच में एक दिन का खेल बचा है और मुंबई के पास आठ विकेट हैं। अगर मुंबई को यह मैच जीतना है तो मध्यप्रदेश को मुश्किल लक्ष्य देकर दूसरी पारी में समेटना होगा। अगर यह मैच ड्रॉ होता है तो पहली पारी की बढ़त के आधार पर मध्यप्रदेश की टीम चैंपियन बन जाएगी।
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 374 रन बनाए। इसके जवाब में मध्यप्रदेश ने 536 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। यश दुबे और शुभम शर्मा और रजत पाटीदार ने शतकीय पारियां खेलीं। वहीं, मुंबई के लिए सरफराज खान ने शतक लगाया।
दूसरी पारी में मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ 44 और हार्दिक तमोरे 25 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अब अरमान जाफर 30 और सुवेद पार्कर नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। मध्य प्रदेश के लिए कुमार कार्तिकेय और गौरव यादव ने एक-एक विकेट लिया।