रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सोमवार को शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां तेज गेंदबाज आकिब नबी की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के दम पर जम्मू-कश्मीर ने चैंपियन मध्य प्रदेश को हराकर पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल के शानदार शतक की बदौलत कर्नाटक ने 42 बार की चैंपियन मुंबई को शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
नबी ने झटके 12 विकेट
तेज गेंदबाज आकिब नबी के मैच में कुल 12 विकेट की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने मध्य प्रदेश को 56 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 291 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही मध्य प्रदेश की टीम दूसरी पारी में 234 रन पर सिमट गई। नबी ने पहली पारी में सात और दूसरी पारी में पांच विकेट झटके। चौथे दिन उन्होंने रामवीर गुर्जर और आखिरी उम्मीद सारांश जैन को आउट कर मध्य प्रदेश की चुनौती खत्म कर दी। वामहस्त स्पिनर आबिद मुश्ताक ने भी तीन विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। सेमीफाइनल में अब जम्मू-कश्मीर का सामना बंगाल और आंध्र के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा।
राहुल का शतक
दूसरे क्वार्टर फाइनल में लोकेश राहुल के 24वें प्रथम श्रेणी शतक की बदौलत कर्नाटक ने मुंबई को चार विकेट से हराया। 325 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राहुल ने 182 गेंद में 130 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके और एक छक्का शामिल था। उन्हें रविचंद्रन स्मरण का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने नाबाद 83 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 147 रन की निर्णायक साझेदारी की। अंत में विद्याधर पाटिल की तेजतर्रार नाबाद पारी से कर्नाटक ने लक्ष्य हासिल कर लिया। सेमीफाइनल में कर्नाटक की भिड़ंत अब उत्तराखंड से होगी।