फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shardul Thakur: रणजी में 'लॉर्ड शार्दुल' का जलवा जारी, मेघालय के खिलाफ ली हैट्रिक, मुंबई के 5वें गेंदबाज बने

Thu, 30 Jan 2025 12:05 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

उनकी हैट्रिक से मुंबई ने मैच में पकड़ बना ली है। मेघालय की टीम पहले दिन ही 86 रन पर सिमट गई। शार्दुल ने कुल चार विकेट लिए। 
विज्ञापन
शार्दुल ठाकुर - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रणजी ट्रॉफी में आखिरी दौर का मुकाबला जारी है। मुंबई का मुकाबला शरद पवार क्रिकेट अकादमी बीकेसी में मेघालय से जारी है। इस मुकाबले में शार्दुल ठाकुर ने कमाल कर दिया। उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लिए। उनकी हैट्रिक से मुंबई ने मैच में पकड़ बना ली है। मेघालय की टीम पहले दिन ही 86 रन पर सिमट गई। शार्दुल ने कुल चार विकेट लिए। शार्दुल के अलावा मोहित अवस्थी ने तीन विकेट और सिल्वेस्टर डीसूजा ने दो विकेट लिए। शम्स मुलानी को एक विकेट मिला। इस मैच में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर नहीं खेल रहे हैं।
विज्ञापन


इससे पहले शार्दुल ने जम्मू कश्मीर के खिलाफ पिछले मुकाबले में शानदार शतक जड़ा था और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। हालांकि, उनका शतक टीम के काम नहीं आया और मुंबई को जम्मू कश्मीर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब मेघालय के खिलाफ मैच में उन्होंने गेंद से कमाल दिखाया है। 
Trending Videos

मेघालय के खिलाफ शार्दुल की हैट्रिक
मेघालय की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही थी। दो ओवर में टीम ने दो विकेट गंवा दिए थे। पहले ओवर में शार्दुल ने ओपनर निशांता चक्रवर्ती को आउट किया था। फिर दूसरे ओवर में किशन लिंगडोह को आउट किया था। इसके बाद तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर शार्दुल ने पहले बालचंद्र अनिरुद्ध, पांचवीं गेंद पर सुमित कुमार और आखिरी गेंद पर जसकीरत सिंह को आउट कर हैट्रिक पूरी की।

वह लगातार तीन विकेट लेते ही मुंबई के लिए हैट्रिक लेने वाले पांचवें गेंदबाज बने। उनसे पहले जहांगीर बेहरामजी खोत, उमेश नारायण कुलकर्णी, अब्दुल मूसा भॉय इस्माइल और रॉयस्टन हैरोल्ड डियास ऐसा कर चुके हैं। एक वक्त मेघालय ने दो रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। फिर निचले क्रम में प्रिंगसांग सांगमा के 19 रन, कप्तान आकाश चौधरी के 16 रन और अनीष चरक के 17 रन और हिमान फुकान के 28 रन की बदौलत मेघालय की टीम 86 रन तक पहुंच पाई।

मुंबई गेंदबाजों द्वारा रणजी ट्रॉफी में ली गई हैट्रिक
गेंदबाज खिलाफ रणजी सीजन
जहांगीर बेहरामजी खोत बड़ौदा 1943/44
उमेश नारायण कुलकर्णी गुजरात 1963/64
अब्दुल मूसा भॉय इस्माइल सौराष्ट्र 1973/74
रॉयस्टन हैरोल्ड डियास बिहार 2023/24
शार्दुल ठाकुर मेघालय 2024/25

शार्दुल का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपनी पहली हैट्रिक के साथ शार्दुल ने अपनी पहले से ही प्रभावशाली स्टैटशीट में एक और उपलब्धि जोड़ ली है। इस तेज गेंदबाज ने फिलहाल प्रथम श्रेणी के 90 मैचों (159 पारियों) में 283 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने एक बार मैच में दस विकेट और 14 बार पारी में पांच विकेट लिए हैं। एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा 7/61 है, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ मैच आंकड़ा 10/52 है। इसके अलावा वह 19.68 की औसत से 2284 रन भी बना चुके हैं। उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक हैं। 119 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी है। 
विज्ञापन

मुंबई की नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें दूसरी टीमों पर टिकीं
इससे पहले, मुंबई के पिछले मैच में शार्दुल ने पहली पारी में अर्धशतक और दूसरी पारी में शतक बनाकर अपनी टीम को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ जिताने और क्वार्टर फाइनल में पहुंचाने की हर संभव कोशिश की थी। हालांकि, उनकी साहसिक बल्लेबाजी के बावजूद मुंबई की टीम जीत हासिल करने में विफल रही। फिलहाल ग्रुप ए में तीसरे स्थान पर मौजूद मुंबई को बोनस अंक हासिल करने के लिए मौजूदा मैच में पारी या 10 विकेट से जीत की जरूरत है। इससे वह 29 अंकों के साथ जम्मू-कश्मीर के बराबर आ जाएंगे, जबकि बड़ौदा 27 अंकों के साथ पीछे रहेगा। अपनी नॉकआउट उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए, मुंबई चाहेगा कि जम्मू कश्मीर या बड़ौदा को वडोदरा में अपने अंतिम दौर के मुकाबले से एक अंक से अधिक न मिले।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें