टी नटराजन के दूसरी पारी में पांच विकेट के दम पर तमिलनाडु ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच में रविवार को चौथे दिन यहां केरल को 151 रन से हराकर मौजूदा सत्र की पहली जीत दर्ज की। एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इस जीत से तमिलनाडु को छह अंक मिले जिससे वह तालिका में पांच मैचों में 11 अंक के साथ पांचवें स्थान पर आ गया। केरल की टीम 13 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।
जीत के लिए 369 रन के लक्ष्य कर पीछा करने उतरी केरल ने दिन की शुरूआत एक विकट पर 27 रन से की। संजू सैमसन (91) और सिजोमोन जोसफ (55) के अर्धशतकों और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी ने मैच को ड्रॉ करने की उम्मीदें जगायी लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही उनकी पारी बिखर गयी और पूरी टीम 217 रन पर आउट हो गई।
प्लेअर ऑफ मैच नटराजन ने 20 ओवर में 41 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने पहली पारी में भी तीन विकेट लिये थे। इससे पहले तमिलनाडु ने पहली पारी में 268 रन बनाने के बाद के बाद केरल की पारी को 152 रन पर समेट दिया था। उन्होंने दूसरी पारी सात विकेट पर 252 रन पर घोषित की थी।
झारखंड की ओडिशा पर दो रन की रोमांचक जीत
झारखंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन से अपनी टीम को रविवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में ओडिशा पर दो रन की रोमांचक जीत से पूरे छह अंक दिलाए। प्लेयर ऑफ द मैच सुब्रांशु सेनापति ने मेहमानों के लिए 321 गेंद में 157 रन की नाबाद पारी खेली और अंतिम दो बल्लेबाजों के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में लगे रहे लेकिन वह जीत दिलाने में असफल रहे।
ओडिशा ने 260 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 154 रन तक आठ विकेट गंवा दिये थे। सेनापति ने दसवें नंबर के बसंत मोहंती (38 गेंद में चार रन) और 11वें नंबर के बल्लेबाज धीरज सिंह (43 गेंद में सात रन) के साथ दो महत्वपूर्ण भागीदारियां की लेकिन वह अपनी टीम को यादगार जीत तक नहीं पहुंचा सके।
अनुभवी तेज गेंदबाज वरूण आरोन (57 रन देकर दो विकेट) ने धीरज को आउट कर ओडिशा की उम्मीद तोड़ दी जिससे झारखंड ने पहली पारी की बढ़त गंवाने के बाद जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर शानदार जीत दर्ज की। मेजबानों के लिए अनुकूल रॉय ने 51 रन देकर चार विकेट हासिल किए। आरोन के अलावा राहुल शुक्ला, आशीष कुमार और राहुल प्रसाद ने एक एक विकेट प्राप्त किया।
मुंबई की खराब फार्म जारी, महाराष्ट्र के खिलाफ ड्रॉ मैच से एक अंक
मुंबई की मौजूदा सत्र में खराब फार्म जारी रही और उसे महाराष्ट्र के खिलाफ रविवार को यहां ड्रॉ समाप्त हुए रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच में पहली पारी में पिछड़ने के कारण सिर्फ एक अंक से संतोष करना पड़ा। महाराष्ट्र को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले।
महाराष्ट्र के पहली पारी के 352 रन के जवाब में मुंबई की टीम 273 रन ही बना सकी थी। महाराष्ट्र की टीम आज दूसरी पारी में पांच विकेट पर 112 रन से आगे खेलने उतरी और उसने 254 रन बनाकर 334 रन का लक्ष्य दिया। कप्तान राहुल त्रिपाठी ने टीम की ओर से सर्वाधिक 76 रन बनाए।
मुंबई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जब पांच विकेट पर 135 रन बनाए तब अंपायरों ने मैच ड्रॉ घोषित किया। सलामी बल्लेबाज आदित्य तारे ने नाबाद 52 रन की पारी खेली। मुंबई की टीम चार मैचों में सिर्फ पांच अंक के साथ आठवें स्थान पर है। महाराष्ट्र चार मैचों में सात अंक से छठे स्थान पर है।
मेघालय को हराकर उत्तराखंड की लगातार पांचवीं जीत
तेज गेंदबाज दीपक धोपोला के पांच विकेट की बदौलत उत्तराखंड ने रणजी ट्राफी प्लेट ग्रुप मैच में रविवार को यहां मेघालय को आठ विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका के शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
धोपोला (59 रन पर पांच) ने अपने करियर का चौथा प्रथम श्रेणी मैच खेलते हुए पारी में पांचवी बार पांच या इससे अधिक जबकि दूसरी बारी मैच में 10 या इससे अधिक विकेट चटकाए। धोपोला और धनराज शर्मा (66 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने मेघालय की टीम गुरिंदर सिंह (104) और योगेश नागर (58) पांचवें विकेट की 122 रन की साझेदारी के बावजूद 66 . 2 ओवर 230 रन पर ढेर हो गई।
उत्तराखंड को 51 रन का लक्ष्य मिला जो उसने वैभव सिंह पंवार (नाबाद 32) की पारी की बदौलत 6 .1 ओवर में दो विकेट पर 53 रन बनाकर हासिल कर लिया। इससे पहले उत्तराखंड की टीम ने अपने कल के स्कोर चार विकेट पर 491 रन पर पारी घोषित की। मेघालय ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे जिससे उत्तराखंड को 180 रन की बढ़त हासिल हुई। इस जीत से उत्तराखंड के पांच मैचों में पांच जीत से 33 अंक हो गए हैं और उसने दूसरे स्थान पर मौजूद मेघालय (19) पर 14 अंक की बढ़त बना ली है।