रणजी ट्रॉफी में एलिट ग्रुप पहले दिन तमिलनाडु और बंगाल की टीम के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु का एक विकेट जल्दी गिर जाने के बाद केएम गांधी ने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम के स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे बाबा अपराजित अभी भी 81 रन के स्कोर पर खेल रहे हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक तमिलनाडु ने 7 विकेट के नुकसान पर 287 रन बना लिए हैं। वहीं बंगाल की तरफ से इशान पोरेल ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
असम बनाम हरियाणा
असम ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाने के बावजूद कप्तान गोकुल शर्मा के नाबाद अर्धशतक की मदद से हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी क्रिकेट मैच के पहले दिन बुधवार को यहां छह विकेट पर 215 रन बनाए। गोकुल अभी 51 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं जबकि शिवशंकर राय (49) केवल एक रन से अर्धशतक से चूक गये। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 54 रन की साझेदारी की।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले असम की तरफ से परवेज अजीज (41) और ऋषभ दास (25) ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। स्टंप उखड़ने के समय गोकुल के साथ अरूप दास 23 रन पर खेल रहे थे। हरियाणा की तरफ से जयंत यादव ने दो जबकि हर्षल पटेल, आशीष हुड्डा, पूनीश मेहता और टीनू कुंडु ने एक-एक विकेट लिया है।
उत्तराखंड बनाम अरुणाचल
मयंक मिश्रा की अगुवाई में गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से अरुणाचल प्रदेश को पहली पारी में 105 रन पर आउट करने के बाद उत्तराखंड ने कार्तिक जोशी की नाबाद 99 रन की शानदार पारी के दम पर तीन विकेट पर 176 रन बनाकर रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच के पहले दिन ही अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
मिश्रा ने 23 रन देकर चार विकेट लिये। उनके अलावा सन्नी राणा ने तीन और गिरीश रतूड़ी ने दो विकेट हासिल किये तथा पहले बल्लेबाजी का न्योता पाने वाले अरुणाचल को कम स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका निभायी। अरुणाचल के केवल दो बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें क्षितिज शर्मा ने सर्वाधिक 57 रन बनाए।
उत्तराखंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसकी सलामी जोड़ी 13 रन तक पवेलियन लौट गयी। इसके बाद कार्तिक और वैभव पंवार (59) ने जिम्मेदारी संभालकर तीसरे विकेट के लिये 148 रन जोड़े। उत्तराखंड को 71 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। कार्तिक शतक से केवल एक रन दूर हैं। उनके साथ सौरभ रावत चार रन पर खेल रहे हैं।