भारतीय टीम में वापसी की कवायदों में लगे तेज गेंदबाज वरूण आरोन की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के दम पर झारखंड ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच में मंगलवार को यहां हरियाणा को दूसरे दिन ही नौ विकेट से करारी शिकस्त दी।
आरोन ने लाहली में चौधरी बंसीलाल स्टेडियम के विकेट पर अनुकूल परिस्थितियों में 32 रन देकर छह विकेट लिए जो उनके प्रथम श्रेणी करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
अजय यादव ने 28 रन के एवज में तीन विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया जिससे झारखंड ने हरियाणा को दूसरी पारी में केवल 28 ओवर में 72 रन पर ढेर कर दिया। हरियाणा की तरफ से सर्वाधिक स्कोर 15 रन का रहा जो पूनीश मिश्र ने बनाया।
झारखंड को इस तरह से 11 रन का लक्ष्य मिला और उसने चार ओवर में एक विकेट पर 12 रन बनाकर दूसरे दिन ही छह अंक अपने नाम किए। वह अब नौ अंक के साथ ग्रुप सी में शीर्ष पर पहुंच गया है।
इससे पहले हरियाणा ने सुबह अपनी पहली पारी छह विकेट पर 120 रन से आगे बढ़ाई और कुल 143 रन बनाकर 62 रन की महत्वपूर्ण बढ़त बनायी। हरियाणा की टीम कल पहली पारी में भी 81 रन पर आउट हो गई थी।
कप्तान अक्षदीप नाथ के नाबाद 151 रन तथा प्रियंम गर्ग और रिंकू सिंह की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को यहां रणजी ट्राफी ग्रुप सी एलीट मुकाबले में ओडिशा के खिलाफ पहली पारी की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 361 रन बना लिए थे जिससे उसने पहली पारी के आधार पर 105 रन की बढ़त हासिल कर ली और उसके चार विकेट बाकी हैं। अक्षदीप के साथ दूसरे छोर पर सौरभ कुमार आठ रन बनाकर खेल रहे थे।
अक्षदीप ने 258 गेंद का सामना करते हुए 22 चौके और एक छक्के से नाबाद 151 रन बना लिए हैं। उनके अलावा प्रियंम ने 94 गेंद में नौ चौके की मदद से 59 रन तथा रिंकू ने 131 गेंद खेलकर आठ चौके से 72 रन की पारी खेली।
ओडिशा की टीम घरेलू मैदान पर पहली पारी में 256 रन पर सिमट गई थी। उत्तर प्रदेश ने सुबह एक विकेट पर 42 रन से आगे खेलना शुरू किया। एम कौशिक 16 और मोहम्मद सैफ 24 रन बनाकर खेल रहे थे लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल सके और जल्दी आउट हो गए।
ओडिशा के लिए बसंत मोहंती ने बेहतरीन गेंदबाजी की, उन्होंने 44 रन देकर तीन विकेट झटके। राजेश मोहंती, बिप्लब समंत्रे और देबब्रत प्रधान को एक एक विकेट मिला।
सलामी बल्लेबाज लखन रावत के अर्धशतक की बदौलत मणिपुर ने रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच में उत्तराखंड के खिलाफ पहली पारी में पिछड़ने के बाद मंगलवार को यहां दूसरे दिन दूसरी पारी में एक विकेट पर 143 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की।
रावत 195 गेंद में 10 चौकों की मदद से 81 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। प्रियजीत सिंह 23 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। टीम ने एकमात्र विकेट प्रफुल्लमणि सिंह (30) का गंवाया जिनके साथ रावत ने पहले विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की।
पहली पारी में 91 रन से पिछड़े मणिपुर को अब 52 रन की बढ़त हासिल है जबकि उसके नौ विकेट शेष हैं।
इससे पहले उत्तराखंड की टीम पहली पारी में पांच विकेट पर 123 रन से आगे खेलने उतरी और उसे कप्तान रजत भाटिया (61) और वैभव सिंह पंवार (54) के बीच छठे विकेट की 96 रन की साझेदारी की बदौलत 228 रन बनाए।
भाटिया ने 63 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके जड़े जबकि वैभव ने 169 गेंद का सामना करते हुए सात चौके मारे। मणिपुर की ओर से थोकचोम सिंह और बिश्वोरजीत कोंथोजाम ने चार-चार विकेट चटकाए।
मणिपुर की टीम पहली पारी में 137 रन ही बना सकी थी।
बाएं हाथ के स्पिनर वरूण सूद की शानदार गेंदबाजी से दिल्ली ने मंगलवार को यहां हिमाचल प्रदेश के शीर्ष क्रम को झकझोर कर रणजी ट्राफी ग्रुप बी मैच में पहली पारी में बढ़त हासिल करने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।
फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले जा रहे मैच में दिल्ली के 317 रन के जवाब में हिमाचल ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आठ विकेट पर 216 रन बनाये हैं। हिमाचल अभी 101 रन से पीछे है और उसके केवल दो विकेट बचे हैं।
हिमाचल के निचले क्रम के बल्लेबाजों की हालांकि तारीफ करनी होगी जिन्होंने टीम को सस्ते में सिमटने से बचाया। इशांत शर्मा की अगुवाई वाले दिल्ली के आक्रमण ने हिमाचल के शीर्ष क्रम को झकझोरने में देर नहीं लगाई। हिमाचल ने अपने छह विकेट 58 रन पर गंवा दिए थे। इनमें से पांच विकेट उसने नौ रन के अंदर गंवाए।
इनमें से तीन विकेट वरूण सूद (53 रन देकर चार विकेट) ने लिए। उन्होंने बाद में हिमाचल की तरफ से सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले ऋषि धवन (64) का विकेट भी लिया। धवन ने एकांत सेन (46) के साथ सातवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की।
कुलवंत खेजरोलिया ने सेन को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद सूद ने धवन को गौतम गंभीर के हाथों कैच कराया। स्टंप उखड़ने के समय मयंक डागर 21 और पंकज जायसवाल 23 रन पर खेल रहे थे।
इशांत ने अपने दूसरे ओवर में प्रियांशु खंडूड़ी (एक) को पगबाधा आउट किया। इसके बाद कप्तान प्रशांत चोपड़ा (28) और अंकुश बैंस (22) ने पारी संवारने का प्रयास किया। इन दोनों को विकास मिश्रा (65 रन देकर दो) ने पवेलियन भेजा।
इससे पहले सुबह दिल्ली ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 305 रन से आगे बढ़ाई लेकिन 12 रन जोड़कर बाकी बचे दो विकेट गंवा दिए। सूद 20 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि मिश्रा ने 15 रन बनाए। आज के दोनों विकेट जायसवाल (56 रन देकर तीन विकेट) ने लिए।
ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने अपने घरेलू मैदान एससीए स्टेडियम के साथ वर्षों से चला रहा लगाव बरकरार रखते हुए मंगलवार को यहां शतक जड़कर सौराष्ट्र को रेलवे के खिलाफ रणजी ट्राफी ग्रुप ए मैच में पहली पारी में मजबूत बढ़त दिलायी।
रणजी ट्राफी में तीन तिहरे शतक जड़ चुके जडेजा अभी 178 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनकी इस जांबाज पारी और कमलेश मकवाना (62) के साथ उनकी आठवें विकेट के लिए 171 रन की साझेदारी के दम पर सौराष्ट्र ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आठ विकेट पर 344 रन बनाए हैं और उसे 144 रन की बढ़त हासिल हो चुकी है। रेलवे की टीम कल अपनी पहली पारी में 200 रन पर आउट हो गई थी।
जडेजा की यह पारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने तब जिम्मेदारी संभाली जबकि सौराष्ट्र चार विकेट पर 32 रन के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सुबह 33 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। उन्होंने अब तक 326 गेंदों का सामना करके 16 चौके और चार छक्के लगाए हैं। यह उनका प्रथम श्रेणी में दसवां और रणजी ट्राफी में आठवां शतक है।
सौराष्ट्र ने कप्तान जयदेव शाह (25), अर्पित बासवदा (12) और प्रेरक मांकड़ (28) के विकेट जल्दी गंवा दिए थे लेकिन जडेजा ने एक छोर संभाले रखा और उन्हें मकवाना का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 163 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया।
स्वप्निल सिंह के चार विकेट की मदद से बड़ौदा ने मंगलवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच के दूसरे दिन महाराष्ट्र को पहली पारी में आठ विकेट पर 253 रन ही बनाने दिए।
बड़ौदा ने सुबह नौ विकेट पर 322 रन से खेलना शुरू किया और एक भी रन जोड़े बिना अपना आखिरी विकेट गंवा दिया।
महाराष्ट्र की टीम पहली पारी के आधार पर अब भी 69 रन से पीछे है। अनुपम संकलेचा 30 और सत्यजीत बच्चाव 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
महाराष्ट्र ने अच्छी शुरूआत की। सलामी बल्लेबाज चिराग खुराना ने 131 गेंद का सामना करते हुए 56 रन की अर्धशतकीय पारी खेली जिसमें छह चौके जड़े थे। चिराग और नौशाद शेख (65) ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। शेख ने 126 गेंद की पारी में 10 बार गेंद सीमा रेखा के पार की।
हाल में भारतीय टीम के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे खेलने वाले केदार जाधव ने पारी का एकमात्र छक्का जड़ा लेकिन वह जल्द ही सात गेंद पर सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान अंकित बावने भी 23 रन जोड़कर आउट हो गए।
नौशाद की पारी का अंत करने वाले स्वप्निल ने इसके बाद महाराष्ट्र को झटके देते हुए लगातार तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा भार्गव भट्ट को दो विकेट मिले।
कप्तान अक्षत रेड्डी की नाबाद 248 रन की मैराथन पारी की मदद से हैदराबाद ने तमिलनाडु के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच में मंगलवार को यहां अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 523 रन बनाए।
हैदराबाद ने सुबह तीन विकेट पर 249 रन से आगे खेलना शुरू किया। इसके बाद अक्षत और बी संदीप (130) ने चौथे विकेट के लिए 246 रन की साझेदारी की।
अक्षत ने दूसरे दिन भी अच्छी फॉर्म जारी रखी। उन्होंने सुबह 114 रन से आगे खेलना शुरू किया था और अपने करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने अब तक 477 गेंदों का सामना करके 22 चौके और तीन छक्के लगाए हैं।
उन्हें निचले क्रम में साकेत श्रीराम (42) ने भी अच्छा सहयोग दिया। स्टंप उखड़ने के समय अक्षत के साथ चमा मिलिंद नौ रन पर खेल रहे थे। तमिलनाडु की तरफ से के विग्नेश, एम मोहम्मद और राहिल शाह ने दो-दो विकेट लिए हैं।
तेज गेंदबाज सच्चिदानंद पांडे के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से सेना ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी मैच के दूसरे दिन मंगलवार को यहां राजस्थान को 136 रन पर ढेर करने के बाद दूसरी पारी में चार विकेट पर 127 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त को 219 रन तक पहुंचाया।
पांडे (58 रन पर पांच विकेट) और दिवेश पठानिया (47 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने राजस्थान की टीम 56 .1 ओवर में सिर्फ 136 रन पर ढेर हो गई।
राजस्थान की टीम एक विकेट पर 45 रन से आगे खेलने उतरी थी। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज चेतन बिष्ट ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। उनके अलावा सिर्फ कप्तान महिपाल लोमरोर (28) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए।
सेना ने पहली पारी के आधार पर 92 रन की बढ़त हासिल की।
सेना ने भी दूसरी पारी में 14 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद रवि चौहान (30) और रजत पालीवाल (32) ने पारी को संभाला। दिन का खेल खत्म होने पर राहुल सिंह 37 जबकि विकास हथवाला 16 रन बनाकर खेल रहे थे।