कप्तान मनीष पांडे (87) और करुण नायर (61नाबाद) की शानदार अर्द्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 129 रन की साझेदारी की बदौलत कर्नाटक ने राजस्थान को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। कर्नाटक ने तीसरे दिन तक 184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 45 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे।
चौथे दिन टीम ने एकमात्र विकेट 11 रन जोड़ने के बाद रोनित मोरे (08) के रूप में गंवाया। इसके बाद पांडे और करुण ने टीम को आसान जीत दिला दी। राजस्थान ने पहली पारी में 224 और दूसरी पारी में 222 रन बनाकर कर्नाटक को जीत के लिए 184 रन का लक्ष्य दिया था। कर्नाटक ने पूर्व कप्तान आर विनय कुमार (नाबाद 83) की बदौलत 263 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 39 रन की बढ़त ली थी।
विदर्भ जीत से पांच विकेट दूर
वसीम जाफर के दोहरे शतक और संजय रामास्वामी व आदित्य की शानदार शतकीय पारियों के बाद उमेश यादव (3/22) की उम्दा गेंदबाजी से गत चैंपियन विदर्भ सेमीफाइनल में जगह बनाने से सिर्फ पांच विकेट दूर है। पहली पारी में 629 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर 274 रन की बड़ी बढ़त लेने वाले विदर्भ ने उत्तराखंड के दूसरी पारी में 152 रन पर पांच विकेट चटका लिए थे।
उत्तराखंड की टीम अभी भी 122 रन पीछे है जबकि उसके पांच विकेट शेष है। चौथे दिन का खेल खत्म होने पर सौरभ रावत बिना खाता खोल क्रीज पर थे। वैभव सिंह पंवार (08) दिन की अंतिम गेंद पर पवेलियन लौटे। उत्तराखंड की ओर से कर्ण कौशल ने 76, विनीत सेक्सेना ने 27 और अवनीश सुधा ने 28 रन बनाए।
सुबह विदर्भ ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 559 रन से पारी आगे बढ़ाई और आदित्य (102) के शतक से 629 रन बनाए। उत्तराखंड के लिए धनराज शर्मा और मयंक मिश्रा ने तीन-तीन, जबकि सनी राणा ने दो विकेट चटकाए।
सौराष्ट्र को जीत के लिए 177 रन की दरकार
लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में सौराष्ट्र को उत्तर प्रदेश के खिलाफ जीत के लिए 177 रनों की और जरूरत है। दूसरी पारी में सौराष्ट्र ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 195 रन बना लिए हैं।
चेतेश्वर पुजारा को अभी बल्लेबाजी के लिए आना बाकी है। यूपी ने पहली पारी में 385 रन बनाए थे, जिसके जवाब में सौराष्ट्र की टीम 208 रन ही बना सकी थी। हालांकि दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश की टीम सिर्फ 194 रन बनाकर आउट हो गई थी।