सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित 4 सदस्यों वाली बीसीसीआई प्रशासन समिति (सीओए) के सदस्य रामचंद्र गुहा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कोर्ट ने इस समिति का गठन क्रिकेट की प्रशासनिक देख-रेख के लिए किया था। गुहा ने अपने इस्तीफे की जानकारी उच्चतम न्यायालय को भी दे दी है।
#FLASH Ramchandra Guha resigns from BCCI Committee of Administrators citing personal reasons,seeks SC's permission to relieve him of duties pic.twitter.com/n8VMWFa5fM
— ANI (@ANI_news) June 1, 2017
गौरतलब है कि जब भारतीय बोर्ड ने लोढ़ा समिति की सिफारिशें लागू नहीं की, तो सुप्रीम कोर्ट ने दखल देते हुए तत्कालीन अध्यक्ष अनुराग ठाकुर और सचिव अजय शिर्के को पदों से हटा कर बोर्ड के परिचालन के लिए इस प्रशासन समिति का गठन किया। गुहा इसी समिति के एक सदस्य थे। मशहूर इतिहासकार रामचंद्र गुहा के अलावा इस समिति में पूर्व कैग विनोद राय, पूर्व क्रिकेटर डाएना इडुल्जी और आईडीएफसी के प्रबंधक निदेशक विक्रम लिमाए भी सदस्य हैं।
गुहा ने निजी कारणों को हवाला देते हुए इस पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने अपना त्याग-पत्र सीओए के अध्यक्ष विनोद राय को सौंपा। उच्चतम न्यायालय ने इस समिति का गठन 30 जनवरी 2017 को किया था। सुप्रीम कोर्ट 14 जुलाई को गुहा की अपील पर सुनवाई करेगा।