फिल ह्यूज से न तो उनका कोई रिश्ता है और न ही कभी उनसे बात या मुलाकात हुई। बस जब से यह सुना कि फिल अपनी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं वह एक ही प्रार्थना कर रही थीं भगवान, फिल के परिवार को वह दर्द न देना जो पिछले 16 सालों से वह सहती आ रही हैं। लेकिन, ठीक उस घटना की तरह इस बार भी उनकी नहीं सुनी गई।
पुर्तगाल में रह रहीं और आयरलैंड की किम बृहस्पतिवार की सुबह जब उठीं तो सबसे पहले इसी मनहूस खबर से उनका सामना हुआ। फिर क्या था, वह सिहर उठीं। 16 साल पहले घटी वह काली घटना एकदम ताजा होकर उनके सामने आ खड़ी हुई। उन्हें सिर्फ और सिर्फ पूर्व टेस्ट क्रिकेटर पति रमन लांबा का चेहरा सामने दिखाई दे रहा था।
किम लांबा ने खुलासा किया कि बृहस्पतिवार सुबह जब उन्होंने यह दर्दनाक खबर सुनी तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ। उनका दिमाग बंद हो गया और वह निढाल हो गईं। वह पुराने दर्द से कराह उठीं। उनके सामने वही सीन थे जब रमन अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे और वह सभी उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे।