राजीव शुक्ला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अध्यक्ष बने रहेंगे। इसके साथ ही अध्यक्ष पद को लेकर चल रही जद्दोजहद भी समाप्त हो गई। आईपीएल संचालन परिषद् ने गुरुवार को हुई मीटिंग में यह फैसला लिया है। विनोद राय की अगुवाई वाली प्रशासकों की समीति (सीओए) ने यह फैसला लिया है। सीओए की निगरानी में आईपीएल की यह पहली मीटिंग थी।
सीओए के गठन के बाद से यह स्पष्ट हो गया था कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से जुड़े फैसले विनोद राय की अध्यक्षता वाली प्रशासक समिति लेगी। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि राजीव शुक्ला बतौर आईपीएल चेयरमैन काम करते रहेंगे।
इससे पहले बीसीसीआई ने इवेंट मैनेजमेंट ग्रुप के लिए निविदा जारी की थी और संभवत: उसके नाम की घोषणा और सभी मौजूदा करारों और नए समझौतों की भी जांच करने की बात कही थी।