सार
मध्य प्रदेश के कप्तान राजत पाटीदार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में असम के खिलाफ महज 48 गेंदों में नाबाद 135 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 13 छक्के और आठ चौके लगाए तथा 41 गेंदों में शतक पूरा किया। इस दौरान वह टूर्नामेंट के इतिहास में मध्य प्रदेश के लिए शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने और एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का नया राज्य रिकॉर्ड भी बनाया।
मध्य प्रदेश के कप्तान और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज राजत पाटीदार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। सोमवार को असम के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पाटीदार ने महज 48 गेंदों में नाबाद 135 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत मध्य प्रदेश ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पाटीदार ने अपनी इस पारी में 13 छक्के और आठ चौके लगाए। उन्होंने महज 41 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। इसके साथ ही वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में मध्य प्रदेश की ओर से शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इतना ही नहीं, एक पारी में 13 छक्के लगाकर उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए नया रिकॉर्ड भी कायम किया।
रजत पाटीदार
- फोटो : IANS
57 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद संभाली पारी
मध्य प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने आठवें ओवर तक 57 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में बल्लेबाजी करने उतरे राजत पाटीदार ने संभलकर खेलने के बजाय आक्रामक रुख अपनाया और असम के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।
इस दौरान उन्हें शिवांग कुमार का अच्छा साथ मिला। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए शिवांग और पाटीदार के बीच महज 62 गेंदों में 153 रनों की साझेदारी हुई। यह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की ओर से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। पाटीदार की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी 48 गेंदों की पारी में सिर्फ पांच गेंदें डॉट खेलीं।
रजत पाटीदार
- फोटो : IPL/BCCI
चोट के कारण इंडिया ए टीम से लिया था नाम वापस
- राजत पाटीदार की यह पारी इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में चोट और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए भारत की राइजिंग स्टार्स एशिया कप टीम से अपना नाम वापस ले लिया था।
- उन्हें दोहा में 19 से 29 नवंबर तक होने वाले टूर्नामेंट के लिए तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम का उपकप्तान बनाया गया था।
- हालांकि, बाद में पाटीदार ने बीसीसीआई को सूचित किया कि मौजूदा चोटों से उबरने और फिटनेस पर ध्यान देने के लिए वह 50 ओवर के क्रिकेट के लिए उपलब्ध नहीं रहना चाहते।
- बीसीसीआई ने 8 नवंबर को उनके हटने की पुष्टि करते हुए दिल्ली के बल्लेबाज आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया था।
- वहीं, रिंकू सिंह को टीम का नया उपकप्तान बनाया गया।
- इससे पहले पाटीदार ने पुदुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज के तीन मैचों में दो अर्धशतक भी लगाए थे।
रजत पाटीदार
- फोटो : IANS
आईपीएल 2027 रिटेंशन से पहले आरसीबी के लिए अच्छी खबर
- पाटीदार की यह विस्फोटक पारी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए भी राहत और उत्साह बढ़ाने वाली खबर है। आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 17 नवंबर है। ऐसे में रिटेंशन से ठीक एक दिन पहले पाटीदार का इस तरह की शानदार फॉर्म दिखाना टीम के लिए अहम माना जा रहा है।
- सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी पाटीदार ने अच्छी शुरुआत की है। 14 नवंबर को केरलम के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 29 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए थे। इस मैच में मध्य प्रदेश ने पांच विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं, रणजी ट्रॉफी के शुरुआती चरण में भी पाटीदार का बल्ला जमकर चला था।
- उन्होंने पुदुचेरी और बिहार के खिलाफ लगातार दो शतक लगाए थे। इस तरह चोट के चलते 50 ओवर के प्रारूप से दूरी बनाने के बाद पाटीदार ने टी20 क्रिकेट में अपनी शानदार लय का परिचय दिया है। उनकी 48 गेंदों में 135 रनों की पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह छोटे प्रारूप में कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं।