राजस्थान की टीम में जेम्स नीशम तो गुजरात टाइटंस में रहमनुल्लाह गुरबाज को मौका दिया जा सकता है। गुजरात के लिए मैथ्यू वेड की जगह गुरबाज टीम में आ सकते हैं, जबकि राजस्थान में डुसेन की जगह नीशम को मौका मिल सकता है।
आईपीएल 2022 की अंक तालिका में पहले स्थान पर काबिज राजस्थान की टीम का पांचवां मैच गुजरात के खिलाफ है। ये दोनों टीमें अब तक सिर्फ एक ही मैच हारी हैं, जबकि बाकी सभी टीमें दो या उससे ज्यादा मैच हार चुकी हैं। गुजरात टाइटंस यह मैच जीतकर अंक तालिका में पहले स्थान पर आना चाहेगी। वहीं राजस्थान जीत हासिल कर पहले पायदान पर बनी रहना चाहेगी। इस सीजन दोनों टीमों के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन कुछ खिलाड़ी अच्छी लय में नहीं हैं। ऐसे में उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को मौका दिया जा सकता है।
विज्ञापन
राजस्थान की टीम में डुसेन के जगह जेम्स नीशम को टीम में शामिल किया जा सकता है। नीशन निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी करने के अलावा उपयोगी गेंदबाज भी हैं। वहीं गुजरात की टीम विकेटकीपर मैथ्यू वेड की जगह रहमनुल्लाह गुरबाज को टीम में शामिल कर सकती है। वेड अब तक फ्लॉप रहे हैं।
कैसी है राजस्थान की टीम
राजस्थान रॉयल्स के लिए जोश बटलर ने शानदार बल्लेबाजी की है, लेकिन उनके जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल कुछ खास नहीं कर पाए। पिछले मैच में उन्हें बाहर कर पडीक्कल से पारी की शुरुआत कराई गई थी। वो भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्हें एक और मौका मिल सकता है। तीसरे नंबर पर कप्तान संजू और चौथे नंबर पर शिमरोन हेटमेयर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले मैच में डुसेन को मौका दिया गया था, लेकिन वो चार रन बनाकर आउट हो गए। इस मैच में उनकी जगह जेम्स नीशम को मौका दिया जा सकता है, जो आक्रामक बल्लेबाज होने के साथ ही उपयोगी गेंदबाज भी हैं।
गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेन्द्र चहल और अश्विन का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इसी वजह से टीम मैच जीत रही है। वहीं पांचवें गेंदबाज के रूप में कुलदीप सेन ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था और उन्हें इस मैच में भी मौका दिया जा सकता है।
राजस्थान की संभावित प्लेइंग 11
जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल/देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, जिमी नीशम, नवदीप सैनी, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल।
गुजरात से वेड की छुट्टी तय
गुजरात के लिए शुभमन गिल ने शानदार तरीके से पारी की शुरुआत की है, लेकिन मैथ्यू वेड लगातार चार मैच में फ्लॉप रहे हैं। उनकी जगह रहमन्नुलाह गुरबाज को इस मैच में मौका दिया जा सकता है। तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन, चौथे पर कप्तान हार्दिक और पांचवें नंबर पर तेवतिया अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। डेविड मिलर भी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, लेकिन उन्हें एक और मौका दिया जा सकता है। गेंदबाजी में शमी, राशिद और फर्ग्यूसन का प्रदर्शन अच्छा रहा है। दर्शन नालकंडे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्हें भी मौका मिलना तय है।
गुजरात की संभावित प्लेइंग 11
रहमानुल्ला गुरबाज/मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साई सुदर्शन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर, राशिद खान, लॉकी फर्ग्यूसन, मोहम्मद शमी, दर्शन नलकांडे।