टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स की शुरुआत थोड़ी निराशाजनक रही। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर सीएसके को जोरदार झटका लगा। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने चेन्नई के सलामी बल्लेबाज अंबाती रायडू (12) को क्लीन बोल्ड कर दिया। यहां से शेन वॉटसन और सुरेश रैना ने जोड़ी ने पारी को संभाला और स्कोर को 100 के पार पहुंचाया।
105 के स्कोर पर चेन्नई का दूसरा विकेट शेन वॉटसन के रूप में गिरा। जोफ्रा आर्चर ने वॉटसन को जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वह 31 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर डगआउट लौटे। दूसरे विकेट के लिए रैना और वॉटसन के बीच 86 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर इश सोढ़ी ने सुरेश रैना को स्टुअर्ट बिन्नी के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने 35 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 52 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर सैम बिलिंग्स (27) रनआउट हो गए। चौथे विकेट के लिए धोनी और बिलिंग्स के बीच 55 रन की साझेदारी हुई। धोनी नाबाद 33 रन बनाकर डगआउट लौटे। राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने 2 और इश सोढ़ी ने 1 विकेट लिए।
इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल 2018 के 43वें मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। दोनों टीमों में दो-दो बदलाव किए गए थे। चेन्नई सुपरकिंग्स ने ध्रुव शौरी और लुंगी एन्गिडी की जगह सैम बिलिंग्स और कर्ण शर्मा को अपनी टीम में शामिल किया था। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने अनुरीत सिंह और महिपाल लोमरोर की जगह अंकित शर्मा और प्रशांत चोपड़ा को अपनी टीम में जगह दी थी। बता दें कि राजस्थान की तरफ से प्रशांत का यह यह डेव्यू मैच था।
टीमेंः-
राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), प्रशांत चोपड़ा, संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, स्टुअर्ट बिन्नी, अंकित शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कृष्णप्पा गौतम, जयदेव उनाडकट, इश सोढ़ी।
चेन्नई सुपरकिंग्स: शेन वॉटसन, अंबाती रायुडू, सुरेश रैना, सैम बिलिंग्स, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), कर्ण शर्मा, रविन्द्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, हरभजन सिंह, डेविड विली, शार्दुल ठाकुर।