भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम की है। इस सीरीज का आखिरी मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन विराट कोहली के लिए यह मैच बेहद खास रहा। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने शतक का साढ़े तीन साल लंबा इंतजार खत्म किया और 186 रन की शानदार पारी खेली। इस मैच के बाद विराट कोहली ने मुंबई में नॉर्वे डांस ग्रुप क्विक स्टाइल के साथ क्रिकेट बैट पकड़े हुए डांस किया। विराट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
अब आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कोहली के डांस का वीडियो शेयर करते हुए इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर का मजाक बना दिया। बटलर आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए ही खेलते हैं। राजस्थान रॉयल्स ने अपने ट्वीट में लिखा कि जोस बटलर हर गेंद का सामना करने से पहले ठीक वैसे ही स्टेप करते हैं, जैसे कोहली अपने डांस में कर रहे हैं।
विराट ने डांस ग्रुप से मुलाकात के बारे में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी शेयर किया था। उन्होंने लिखा था "लगता है कि मैं मुंबई में किसी से मिला था।" विराट कोहली ने नॉर्वे के जिस डांस ग्रुप के साथ वीडियो शेयर किया था, वह फिल्म 'तनु वेड्स मनु' के 'साडी गली' और 'बार बार देखो' के 'काला चश्मा' जैसे बॉलीवुड गानों पर वीडियो बनाने के बाद काफी चर्चा में रहा है।
अहमदाबाद में चौथे टेस्ट के बाद, कोहली ने मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से अपने टेस्ट शतक के सूखे के बारे में भी बात की। कोहली ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मैंने अपनी कमियों के कारण खुद के लिए परेशानियां बढ़ने दी हैं। शतक न बना पाने पर हताशा एक ऐसी चीज है जो एक बल्लेबाज के रूप में आप पर बढ़ सकती है। मैंने कुछ हद तक अपने साथ ऐसा होने दिया। लेकिन इसका एक दूसरा पहलू यह है कि मैं ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो 40-45 रन बनाकर खुश हो। जब मैं 40 रन पर बल्लेबाजी कर रहा होता हूं, तो मुझे पता होता है कि मैं 150 रन बना सकता हूं। यह मुझे काफी खा रहा था।"