राजस्थान रॉयल्स ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए स्टीव स्मिथ की जगह दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन को शामिल किया है।
स्मिथ को पिछले सप्ताह
राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी छोड़ना पड़ी थी क्योंकि
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में वह बॉल टेंपरिंग विवाद में दोषी पाए गए थे। इस वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन पर एक साल का बैन लगाया है। बैन के चलते स्मिथ को आईपीएल से भी बाहर होना पड़ा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (
बीसीसीआई) ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए पुष्टि की है कि 26 वर्षीय क्लासेन को राजस्थान ने बेस प्राइस 50 लाख रुपए में खरीदा। क्लासेन पहली बार आईपीएल का हिस्सा बनेंगे।
क्लासेन ने करियर में अब तक 49 टी20 मैच खेले, जिसमें छह फिफ्टी की मदद से उन्होंने 1043 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 28 कैच और 12 स्टंपिंग की।
क्लासेन ने
टीम इंडिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया और अपने दूसरे मैच में मैन ऑफ द मैच बने। उन्होंने इस मैच में 30 गेंदों में 69 रन की पारी खेली थी। दक्षिण अफ्रीका ने क्लासेन की पारी की मदद से 188 रन के लक्ष्य को 8 गेंद शेष रहते हासिल किया था। याद हो कि आईपीएल के 11वें एडिशन में स्मिथ की जगह अजिंक्य रहाणे को राजस्थान रॉयल्स का कप्तान बनाया गया।