आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के मालिक और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को आईपीएल से सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर आईपीएल मैचों में सट्टा लगाने के आरोप हैं।
सोमवार सुबह हुई बीसीसीआई की अहम बैठक में यह फैसला किया गया। जांच पूरी होने तक कुंद्रा निलंबित रहेंगे।
इसके अलावा बोर्ड अध्यक्ष श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन का नाम सामने आने पर बोर्ड कोषाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने वाले अजय शिर्के की जगह नई नियुक्ति भी कर दी गई है। अब रवि सावंत यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
बीसीसीआई ने इस बैठक में बोर्ड की एंटी-करप्शन यूनिट की ओर से सौंपी गई अंतरिम रिपोर्ट की समीक्षा भी की। सूत्रों का कहना है कि इस रिपोर्ट में राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ियों पर ताउम्र पाबंदी लगाने की बात कही गई है, जिसमें टेस्ट गेंदबाज एस श्रीसंत भी शामिल हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि इस बैठक में पंजाब क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष आई एस बिंद्रा ने कहा कि अगर कुंद्रा के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, तो चेन्न्ई सुपर किंग्स के मालिक गुरुनाथ मयप्पन के साथ ऐसा क्यों नहीं किया गया। ऐसा माना जा रहा है कि कुंद्रा को सस्पेंड कर बोर्ड ने इस मामले की जांच से पल्ला झाड़ने की कोशिश की है।