भारतीय रेलवे ने महिला क्रिकेट टीम की 10 सदस्यों को एक करोड़ 30 लाख रूपए नकद राशि का पुरस्कार देने की घोषणा की है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जितनी भी खिलाड़ी रेलवे से जुड़ी हैं, उन्हें ये ईनाम मिला। प्रभु ने टीम की सभी सदस्यों के समय से पहले पदोन्नति की घोषणा की, जिसमें कप्तान मिताली राज और बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर को राजपत्रित अधिकारी का पद भी सौंपा गया।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने गुरुवार को आयोजित महिला क्रिकेटरों के लिये सम्मान समारोह में कहा, 'सभी भारतीयों के लिये यह खुशी का दिन है, लेकिन विशेषकर रेलवे के लिये यह गर्व की बात है। 15 विश्व स्तरीय क्रिकेटरों में से 10 रेलवे की हैं। कप्तान, उप कप्तान, विकेटकीपर और सबसे ज्यादा रन बनाने वाली सभी रेलवे से जुड़ी हैं।'
प्रभु ने कहा कि किसी ने भी महिला टीम की सफलता की उम्मीद नहीं की थी, लेकिन उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण के कारण ही वे यहां तक पहुंच सकी। उन्होंने कहा, 'मैं पूर्व भारतीय कप्तान डायना इडुल्जी से पूछ रहा था कि उन्होंने कब से खेलना शुरू किया तो उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने 1971 से खेलना शुरू किया। इसका मतलब है कि उन्होंने 46 वर्ष पहले खेलना शुरू किया था। मुझे इस बात का पूरा भरोसा है कि उस समय किसी ने नहीं सोचा होगा कि भारतीय महिला टीम ऐसा प्रदर्शन कर पाएगी।'
प्रभु ने कहा कि यह डायना से मिताली तक रेलवे परिवार के लिये गर्व की बात है, क्योंकि ये सभी रेलवे के लिये खेल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे महिला टीम को समर्थन देना जारी रखेगा और सुनिश्चित करेगा कि काम के दौरान हालात ऐसे हों कि उनके अभ्यास, ट्रेनिंग या मैचों के दौरान बाधा नहीं आए।