भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा है कि 2019 के विश्व कप के मद्देनजर मौजूदा टीम में सीनियर खिलाड़ियों एम एस धोनी और युवराज सिंह की भूमिकाओं को लेकर निर्णय लेने होंगे। चैंपियंस ट्रॉफी में नंबर चार और पांच पर खेलने वाले युवराज और धोनी को लेकर जब द्रविड़ से धोनी और युवी के भविष्य से जुड़ा प्रश्न पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस बारे में चयनकर्ताओं और प्रबंधन को फैसला लेना होगा।
उन्होंने कहा कि विश्व कप के मद्देनजर टीम का रोडमैप तैयार करना होगा। देखना होगा कि अगले चंद वर्षों में दोनों क्रिकेटरों की क्या भूमिका देखते हैं। क्या दोनों के लिए टीम में जगह है या एक को ही जगह मिलेगी। क्या आप इसके लिए छह महीने या साल भर में फिर से आकलन करेंगे अथवा मौजूदा उपलब्ध प्रतिभाओं को देखने के बाद वापस इन्हीं दोनों खिलाड़ियों पर ही लौटना चाहेंगे। द्रविड़ को उम्मीद है कि विंडीज दौरे में युवा खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में मौका मिलेगा।
द्रविड़ ने कहा कि अगर युवाओं को मौका नहीं मिलेगा तो एक साल बाद फिर यही कहना पड़ेगा कि हमने युवाओं को पर्याप्त मौके नहीं दिए। द्रविड़ ने अश्विन और रविंद्र जडेजा की स्पिन जोड़ी के संयोजन पर भी सोचना होगा क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी में पाटा विकेटों पर दोनों स्पिनर असर नहीं छोड़ सके। कुलदीप यादव के रूप में अच्छी प्रतिभा सामने आ रही है। विंडीज दौरे के लिए कुलदीप और युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का भी चयन किया गया है।