भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सलाहकार समिति में सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण करने के बाद पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ की भी सेवाएं लेने पर विचार कर रहा है।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने इस बात के संकेत भी दिए हैं। एक निजी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा है कि द्रविड़ के स्तर के क्रिकेटर की सेवाएं बोर्ड अवश्य लेना चाहेगा लेकिन उपयुक्त समय पर इसकी घोषणा की जाएगी।
बेशक बीसीसीआई ने अभी खुलासा नहीं किया लेकिन माना जा रहा है कि तकनीकी रूप से बेहद मजबूत बल्लेबाज रहे ‘श्रीमान भरोसेमंद’ यानी राहुल द्रविड़ को अंडर-19 या भारत ए टीम का कोच बनाया जा सकता है।
द्रविड़ का युवाओं को गुर सिखाना दूर की कौड़ी साबित हो सकता है। वैसे भी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के मेंटर राहुल द्रविड़ युवाओं के साथ अनुभव साझा करने में ज्यादा रुचि रखते हैं।
राजस्थान रॉयल्स में संजू सैमसन, करुण नायर, दीपक हुड्डा की सफलता के पीछे द्रविड़ की भूमिका अहम रही है। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान राहुल टीम इंडिया के मेंटर भी रहे थे।
मीडिया रिपोर्टों में चर्चा है कि द्रविड़ से सलाहकार समिति के लिए भी बोर्ड ने संपर्क किया था लेकिन वह किसी अन्य भूमिका में दिलचस्पी ले रहे हैं। यह भी चर्चा है कि द्रविड़ पारिवारिक कारणों से टीम इंडिया के चीफ कोच का पूर्णकालिक दायित्व संभालने से हिचकिचा रहे हैं।