चेन्नई सुपर किंग्स जैसी मजबूत टीम को हराकर चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश करने से उत्साहित राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा है कि टूर्नामेंट में अब तक उनकी टीम ने जिस तरह से प्रदर्शन किया है उससे वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
इस टूर्नामेंट में राजस्थान टीम अभी तक अजेय रही है और उसने लगातार पांच मैच जीते हैं। द्रविड़ ने कहा, ‘हमें अभी एक मैच और खेलना है।
लेकिन जिस तरह से हमारी टीम ने अभी तक टूर्नामेंट में प्रदर्शन किया है उसे लेकर मुझे उन पर गर्व महसूस हो रहा है।’
हालांकि द्रविड़ ने बल्लेबाजी क्रम में कुछ सुधार का संकेत देते हए कहा, ‘हम चेन्नई के खिलाफ 15 से 20 रन पीछे रह गए लेकिन हमारी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण बेहतरीन था।
हमारे पास एक बेहतरीन टीम है और हमारी टीम में कुछ खास है।
एक तरफ प्रवीण तांबे जैसे 42 साल के खिलाड़ी का अनुभव है जो पिछले एक दशक से क्लब क्रिकेट खेल रहे थे और आज भी सीख रहे हैं। प्रवीण एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं।
वह हमेशा ब्रैड हाज और शेन वाटसन से इस बारे में बात करते थे कि किस तरह से गेंदबाजी करनी है और किस तरह से बल्लेबाज का मुकाबला करना है।’
राजस्थान रॉयल्स को फाइनल में प्रवेश दिलाने के लिए अहम भूमिका निभाने वाले तांबे को 10 रन पर तीन विकेट लेने के लिए ‘मैन आफ द मैच’ घोषित किया गया।
द्रविड़ ने कहा, ‘जब हमने तांबे का चयन किया था तो कई लोग इस बात से असहमत दिखाई दे रहे थे। लेकिन वह मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं।’
जयपुर में खेला था आखिरी टेस्ट
इस बीच जयपुर में अपना आखिरी मैच खेलने के बाद द्रविड़ कुछ भावुक हो गए और उन्होंने कहा, ‘जयपुर में कुछ खास बात है। यह मेरा संभवत: यहां आखिरी मैच था।
लेकिन यहां खेलना मेरे लिए हमेशा ही बेहतरीन अनुभव रहा है। यहां के दर्शक हमेशा हमारी टीम की जमकर हौसलाअफजाई करते हैं।’