बाग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच चटगांव में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने दिन का खेल खत्म होने तक 96 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 271 रन बना लिए हैं। असगर अफगान (88) और अफसर जजई(35) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। 77 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान के तीन विकेट गिर गए थे। इसके बाद रहमत शाह और असगर अफगान ने चौथे विकेट के लिए 120 रन की शतकीय साझेदारी की। पहले दिन रहमत शाह ने 102 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
शतक लगाने के साथ ही रहमत शाह ने अफगानिस्तान टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। दाएं हाथ के बल्लेबाज शाह अफगानिस्तान की ओर से टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले अब तक कोई भी अफगानी खिलाड़ी टेस्ट फॉर्मेट में शतक नहीं लगाया पाया था।
वहीं, बांग्लादेश की तरफ से ताइजूल इस्लाम और नयीम हसन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि महमुदुल्लाह ने एक विकेट झटके।