वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। रहकीम कॉर्नवाल (75/7) की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे अफगानिस्तान की पूरी टीम पहली पारी में केवल 187 रन पर ही सिमट गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान के बल्लेबाज 140 किलोग्राम भार वाले कॉर्नवाल की फिरकी के आगे बेबस नजर आए। इस विशाल और भारी भरकम गेंदबाज ने लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में अपनी घूमती गेंदों से कहर बरपाते हुए अफगानिस्तानी बल्लेबाजी क्रम को झकझोर डाला और पूरी टीम महज 187 रन पर आउट हो गई। जवाब में वेस्टइंडीज ने स्टम्प्स तक दो विकेट खोकर 68 रन बना लिए हैं। जॉन कैम्पबेल 30* और शमार्ह ब्रुक्स 19* रन बनाकर खेल रहे हैं।
कैरेबियाई टीम की शुरुआत भी खराब रही और उसके दोनों सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्रेथवेट (11) और शाई होप (7) 34 रन के टीम स्कोर पर क्रमश: अमीर हम्जा और राशिद खान का शिकार हुए। इसके पहले, अफगानिस्तान की सलामी जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत करते हुए 12.2 ओवर में 28 रन जोड़े। इसी स्कोर पर इब्राहीम जादरान (17) आफ स्पिनर रहकीम कॉर्नवाल की गेंद पर कैच आउट हुए। उसके बाद जावेद अहमदी और इहसानउल्ला ने पारी को आगे बढ़ाया और दूसरे विकेट के लिये 56 रन जोड़े।
अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अहमदी (39) का ध्यान भटका और वह जोमेल वारिकन (35 रन पर एक विकेट) का शिकार बन गए। महज 111 रन पर सात विकेट खो चुके अफगानिस्तान की हालत और खराब होती अगर विकेटकीपर बल्लेबाज अफसर जजई (32) और अमीर हमजा (34) ने सातवें विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी न की होती।
कॉर्नवाल ने जादरान के अलावा रहमत शाह (04), असगर अफगान (04), इहसानउल्ला (24), अफसर जजई (32), नासिर जमाल (02) और यामीन अहमदजई (18) को पवेलियन भेजा। कप्तान जेसन होल्डर ने भी दो बल्लेबाजों को चलता किया।