दिग्गज ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि भारत 2026 टी20 विश्व कप का सबसे बड़ा दावेदार होगा। यह टूर्नामेंट अगले साल भारत की मेजबानी में खेला जाएगा और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टीम इंडिया को हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा।
विज्ञापन
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि गौतम गंभीर की कोचिंग और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम बेहद संतुलित और आत्मविश्वासी दिख रही है। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने जब टी20 विश्व कप जीता था, तब से टीम लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।
'इन दो खिलाड़ियों को संभालना होगा मुश्किल'
अश्विन ने कहा कि पहले तक हर टीम की सबसे बड़ी चिंता जसप्रीत बुमराह को खेलने की होती थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। उन्होंने कहा, 'अगर किसी टीम को भारत को हराना है, तो उन्हें दो खिलाड़ियों को संभालना होगा- अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती। ये दोनों किसी भी पिच पर मैच पलटने की क्षमता रखते हैं।'
अश्विन ने बताया कि हाल ही में चल रही भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज़ में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने अभिषेक के मजबूत क्षेत्रों से बचने की रणनीति अपनाई, लेकिन फिर भी वह रन बनाते रहे। वहीं वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने तीसरे टी20 में आक्रामक बल्लेबाज़ी कर कुछ मौके निकाले, लेकिन कुल मिलाकर वरुण ने विरोधी टीमों को परेशान रखा।
टीम इंडिया का संतुलन बना खतरनाक
2024 विश्व कप के बाद से टीम इंडिया में बड़ा बदलाव आया है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों के संन्यास के बाद युवा खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली है। सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, रियान पराग और ईशान किशन जैसे नाम अब टीम की नई पहचान बन चुके हैं। अश्विन के मुताबिक, 'अगर कोई टीम भारत को रोकना चाहती है, तो उसे इन युवाओं की मानसिकता और आक्रामक शैली को समझना होगा, वरना भारत को हराना मुश्किल होगा।'
ऑस्ट्रेलिया में 17 साल से अजेय भारत
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की। पहला मैच बारिश में रद्द हुआ, दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता, लेकिन इसके बाद भारत ने लगातार दो जीत दर्ज कर अपनी बादशाहत कायम रखी। आखिरी मैच भी बारिश से धुल गया।
अश्विन ने कहा, 'यह सीरीज दिखाती है कि टीम इंडिया अब सिर्फ जीतना नहीं चाहती, बल्कि दबदबा बनाना चाहती है। अगर यह फॉर्म जारी रहा, तो 2026 टी20 विश्व कप भारत का ही होगा।' यह दिखाता है कि भारतीय क्रिकेट की नई पीढ़ी अब दुनिया भर में चर्चा का विषय बन चुकी है।