अश्विन ने टेस्ट में भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज के तौर पर अपना करियर समाप्त किया। 106 टेस्ट मैचों में अश्विन ने 537 विकेट झटके और वह बस पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले से पीछे थे जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 619 विकेट लिए हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद अश्विन कप्तान रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, मैं आपका ज्यादा समय नहीं लूंगा। आज भारतीय टीम के क्रिकेटर के तौर पर मेरा अंतिम दिन था। मुझे लगता है कि एक क्रिकेटर के तौर पर मेरे अंदर अभी पंच बचा है, लेकिन यह मैं क्लब क्रिकेट में दिखाऊंगा। पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के तौर पर यह मेरा आखिरी दिन था।
बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें अश्विन भारतीय ड्रेसिंग रूम में सभी से मिल रहे हैं। इस दौरान अश्विन ने कहा, भले ही मैं यह दिखा नहीं पा रहा हूं, लेकिन यह वास्तव में एक भावनात्मक क्षण है। रोहित, विराट और गौतम भाई को धन्यवाद। मैं आज काफी खुश हूं। ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अभी पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरा किया था। मैंने राहुल पाजी, सचिन पाजी को जाते देखा है। पिछले चार वर्षों में हर गुजरते पल के साथ, मुझे अहसास हुआ है कि मैं उनके रिश्ते को कितना महत्व देता हूं और एक खिलाड़ी के रूप में उन्हें कितना महत्व देता हूं। मैंने बहुत अच्छा समय बिताया।
अश्विन को टी-शर्त देते लियोन और कमिंस
- फोटो : Screen Grab