पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शशांक सिंह आईपीएल 2025 की तैयारियों में जुट गए हैं। शशांक ने पिछले सत्र में अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया था और वह एक बार फिर उसी तरह का प्रदर्शन करने के लिए तैयार होंगे। शशांक ने इस दौरान बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एक सलाह ने उनका आत्मविश्वास मजबूत कर दिया था जिससे उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में सफलता मिली।
पिछले सीजन दमदार रहा था प्रदर्शन
शशांक ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था और उन्होंने 44.25 के औसत और 164.65 की स्ट्राइक रेट से 354 रन बनाए थे। वह पिछले सीजन अपनी फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। हालांकि, शशांक का पंजाब किंग्स से जुड़ने का किस्सा दिलचस्प है क्योंकि इस फ्रेंचाइजी ने दावा किया था कि वह शशांक के नाम को लेकर भ्रमित हो गए थे और उन्होंने गलती से उन्हें टीम में लिया था। शशांक ने अपने प्रदर्शन से पंजाब फ्रेंचाइजी को अचंभित कर दिया और साबित किया था कि उनमें कितनी प्रतिभा है।
शशांक ने आईपीएल 2025 सीजन से पहले कहा, एक बार मैंने माही भाई से फिनिशर की भूमिका पर बात की थी। उन्होंने मुझसे कहा था कि अगर आप 10 में से तीन मैच जिता रहे हैं तो आप दुनिया के पांच से 10 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। इससे मुझे काफी आत्मविश्वास मिला कि मेरे लिए हर मैच जीतना संभव नहीं है। इसलिए मैं जितना हो सके अच्छे पलों को देखता हूं और उन चीजों पर ध्यान नहीं देता जिसकी जरूरत नहीं है।
'श्रेयस-पोंटिंग के साथ काम करने को उत्सुक'
शशांक ने टीम के नवनुयिक्त कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मुंबई में काफी क्रिकेट खेली है और कोच रिकी पोंटिंग ऐसे क्रिकेटर हैं जिनकी वह हमेशा प्रशंसा करते हैं। शशांक ने कहा, मैं श्रेयस को करीब एक दशक से जानता हूं। हम साथ में डीवाई पाटिल स्टेडियम जाया करते थे। कई बार उनकी गाड़ी में और कई बार मेरी गाड़ी में। हमने मुंबई के लिए साथ में खेला और कुछ कॉरपोरेट क्रिकेट भी खेले। श्रेयस के साथ अच्छी बात यह है कि उनमें जरा सा भी बदलाव नहीं आया है। हम हाल ही में एक शिविर में मिले। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी लोग सही से रहें। जब आप उनसे क्रिकेट के बारे में बात करते हैं तो वह काफी सकारात्मक होते हैं।
उन्होंने कहा, रिकी सर, अपने काम में सर्वश्रेष्ठ हैं। मैंने उनके लिए सवालों की सूची तैयार की है। मुझे यह सुनना अच्छा लगेगा कि वह मुझसे क्या अपेक्षा करते हैं और अपने विचार भी साझा करूंगा। जाहिर तौर पर मैं उनसे फ्रंटफुट से पुल शॉट खेलने के बारे में पूछूंगा क्योंकि उन्हें और रोहित शर्मा को छोड़कर सभी बल्लेबाज बैकफुट से पुल शॉट खेलते हैं।
आईपीएल की तैयारियों पर क्या बोले शशांक?
शशांक ने आईपीएल 2025 की तैयारियों पर कहा, बल्लेबाजी के मोर्चे पर मैं अपने पुल और हुक शॉट को बेहतर बनाने पर काम कर रहा हूं। मैंने रिवर्स स्वीप मारना भी शुरू कर दिया है क्योंकि मुझे लगता है कि धीमी विकेटों पर लॉन्ग ऑन, लॉन्ग ऑफ या डीप विकेट पर मारना मुश्किल होता है। ऐसे में रिवर्स स्वीप या स्वीप बेहतर विकल्प है। पिछले दो शिविरों में मैंने रिवर्स स्वीपिंग के लिए 1000 गेंदें खेली हैं।