भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में 53 रनों से हरा दिया है। पहले मैच में एक रन से हारने के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे मैच में जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी भी कर ली।
रविवार को नार्थ साउंड में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। टीम की तरफ से पूनम राउत ने सर्वाधिक 77 रन बनाए वहीं कप्तान मिताली राज ने 40 और हरमनप्रीत कौर ने 46 रनों की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाई और 47.2 ओवर में ही 138 रन पर ढेर हो गई। कैरेबियाई टीम की तरफ से कैम्पबेल ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। वहीं भारत की तरफ से राजेश्वरी गायकवाड, पूनम यादव और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट चटकाए।