पुलवामा हमले की आज बरसी है। 14 फरवरी 2019 को हुए इस हमले में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। देशभर में रोष का माहौल था। पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों में से दो के बच्चों को वीरेंद्र सहवाग ने गोद लिया है। वीरू इन दोनों बच्चों को न सिर्फ अपने स्कूल में पढ़ाते हैं बल्कि क्रिकेट की ट्रेनिंग भी देते हैं। अब दोनों नौनिहाल अपने पिता की तरह सेना में जाना चाहते हैं।
सहवाग ने फोटो शेयर करते हुए लिखा- इन तस्वीरों में पहली में अर्पित सिंह बल्लेबाजी कर रहा है जो पुलवामा हमले में शहीद हुए जवान राम वकील का बेटा है। वहीं, दूसरी तस्वीर में राहुल सोरेंग है जो पुलवामा में शहीद हुए जवान विजय सोरेंग का पुत्र है।
बता दें कि जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा में सैनिकों से भरे बस के काफिले को टक्कर मारी, जिसमें सीआरपीएफ के 40 से अधिक जवान शहीद हो गए। इस घटना के कारण पाकिस्तान के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों पर गंभीर असर पड़ा। यहां तक कि दोनों पड़ोसियों के बीच हवाई झड़पें भी हुईं।
भारतीय वायु सेना ने एलओसी पार कर पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए। वीरेंद्र सहवाग ने इस कार्रवाई के लिए भी भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा था कि लड़कों ने वास्तव में अच्छा खेला है।