पाकिस्तान को विश्व विजेता बनाने वाले दिग्गज क्रिकेटर और
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के चीफ
इमरान खान के बारे में खबर चल रही है कि उन्होंने तीसरी शादी कर ली है। लेकिन इस मामले में ताजा जानकारी यह आ रही है कि इमरान ने अभी बुशरा मनेका नाम की लड़की को प्रपोज किया है और बुशरा ने अभी उनके इस प्रपोजल का कोई जवाब नहीं दिया है।
बता दें कि पाकिस्तानी मीडिया में शनिवार को यह खबर चलाई गई थी कि इमरान ने 1 जनवरी को लाहौर में गुपचुप तरीके से तीसरी शादी कर ली है। इस शादी में केवल उनके बेहद ही करीबी दोस्त और रिश्तेदार ही शामिल हुए थे।
ये भी पढ़ेंः पाकिस्तान की मशहूर सिंगर ने इमरान खान को दी गाली, ट्विटर पर लोगों ने सुनाई खरी-खरी
बताया यह भी जा रहा था कि उनकी तीसरी बेगम एक धार्मिक गुरु हैं। हालांकि बाद में शादी की खबरों को लेकर उनकी पार्टी ने खंड़न किया था और इन खबरों को महज अफवाह बताई थी। इमरान खान के राजनीतिक सचिव आन चौधरी और पीटीआई के प्रवक्ता नईम उल हक ने भी इमरान की शादी की खबर से इनकार किया है।
नईम ने कहा, 'मैं पूरे यकीन से कह सकता हूं कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। अगर वे शादी करेंगे भी तो साल 2018 के आम चुनाव के बाद।'
बता दें कि इमरान की पहली शादी जेमिमा खान से हुई थी और 9 साल बाद 22 जून, 2004 को तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने रेहाम खान से दूसरी शादी की, जो महज 10 महीने बाद ही टूट गई।