इस्लामाबाद यूनाइटेड बनाम मुल्तान सुल्तांस
ल्युक रोंकी (58) रन के शानदार पारी की बदौलत यूएई में खेले गए पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के 25वें मुकाबले में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मुल्तान सुल्तांस को 33 रनों से हरा दिया। इस्लामाबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 185 रन बनाए। जिसके जवाब में मुल्तान की टीम 152 रन बनाकर आउट हो गई और मैच में हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि, मुल्तान के लिए किरोन पोलार्ड ने अकेले दम पड़ आतिशी पारी खेली लेकिन टीम की हार नहीं बचा पाए। इसके साथ ही इस्लामाबाद प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। ल्युक रोंकी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गौरतलब है कि मुल्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुल्तान ने जेपी डुमनी (6) के रूप में इस्लामाबाद यूनाइटेड को पहला झटका दिया। इसके बाद एलेक्स हेल्स और रोंकी ने दूसरे विकेट के लिए शानदार 45 रन जोड़े। 36 गेदों पर 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से रोंकी 58 रन बनाकर इमरान ताहिर का शिकार हुए। इसके बाद हेल्स भी 46 रन बनाकर चलते बने। हुसैन तलत ने 21 गेंदों पर 36 रनों की आक्रामक पारी खेलकर इस्लामाबाद की रनरेट में कोई कमी नहीं आने दी और कुल स्कोर 4 विकेट पर 185 रन पहुँचाया। मुल्तान के लिए उमर गुल ने सबसे अधिक 2 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुल्तान सुल्तांस की शुरुआत ही खराब रही। ओपनर बल्लेबाज कुमार संगकारा सहित आधी टीम 50 रनों के अन्दर पवेलियन लौट गई। यहां से किरोन पोलार्ड ने मोर्चा मोर्चा संभाला लेकिन उन्हें किसी अन्य खिलाड़ियों का सहयोग नहीं मिला। पोलार्ड ने 47 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्के की मदद से अपनी 73 रनों की आतिशी पारी खेली। शादाब खान, फहीम अशरफ, अमाद खान और समित पटेल ने इस्लामाबाद के लिए 2-2 विकेट झटककर जीत में योगदान दिया।