भारत के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक पृथ्वी शॉ फिलहाल बुरे समय से गुजर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। इस वजह से वह किसी भी प्रारुप में टीम इंडिया में जगह नहीं बना पाए हैं। भारत के वेस्टइंडीज दौर पर भी पृथ्वी भारतीय टीम में जगह नहीं बना सके, जिससे उनका अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद खराब दौर से गुजर रहा है। इस पर पृथ्वी ने बताया है कि टीम से बाहर होने के कारण उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एक इंटरव्यू में पृथ्वी ने बताया कि वह वेस्टइंडीज टूर पर न चुने जाने से खासा निराश हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन और सभी फिटनेस टेस्ट में पास होने के बाद भी उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने का मौका नहीं मिल रहा है। पृथ्वी ने कहा, "जब मुझे टीम से निकाला गया था, मुझे कारण नहीं बताया गया था। किसी ने कहा यह मेरी फिटनेस के कारण है, लेकिन मैं यहां बेंगलूरु आया। एनसीए में सभी फिटनेस टेस्ट पास किए, रन बनाए और टी20 टीम में वापसी की। फिर मुझे वेस्टइंडीज टूर पर मौका नहीं दिया गया, मैं निराश हूं, लेकिन आपको यह भूलकर आगे बढ़ते रहना होगा। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता, मैं किसी से लड़ नहीं सकता।"
दिल्ली कैपिटल्स के स्टार सलामी बल्लेबाज ने यह भी बताया कि टीम में न चुने जाने के बाद उन्हें किस तरह का मानसिक संघर्ष झेलना पड़ रहा है। पृथ्वी ने बताया कि उनके ज्यादा दोस्त नहीं हैं जिनके साथ वह अपने विचार बांट सकें। उन्होंने कहा "मुझे मेरे अपने जोन में रहना पसंद है, लोग मेरे बारे में बहुत कुछ कहते हैं, लेकिन जो मुझे जानते हैं उनको पता है मैं कैसा हूं। मेरे दोस्त नहीं हैं, मुझे दोस्त बनाना पसंद नहीं है। आजकल की पीढ़ी के साथ यह दिक्कत है। आप किसी के साथ भी अपने दिल की बात नहीं कर सकते। यह काफी डरावना है, आजकल किसी से भी अपने दिल की बात करने में डर लगता है, अगले दिन सोशल मीडिया में आ जाता है। मेरे दोस्त कम है, एक या दो और उन्हें भी मैं सब नहीं बताता, बस कुछ बातें ही बताता हूं।"