हाशिम अमला की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका का विदेश में लगातार 9 साल से चले आ रहे अजेय रथ का पहिया विराट कोहली की अगुवाई युवा टीम इंडिया ने नागपुर ने रोक दिया था। मतलब यह कि चार मैचों की सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। कोहली का लक्ष्य अब जहां सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगा तो अमला की टीम चाहेगी कि सीरीज मे सूपड़ा साफ होने से खुद को बचाए।
लेकिन चोटों से परेशान अफ्रीकी टीम को दिल्ली के फिरोज शाह कोटला के मैदान पर होने वाले चौथे मैच से पहले ही एक और झटका लगा। टीम को उम्मीद थी कि चोट के कारण दूसरे और तीसरे मैच से बाहर रहने वाले तेज गेंदबाज डेल स्टेन इस मैच से वापसी कर पाएंगे लेकिन वह फिट नहीं हो सके और उन्हें इस मैच से भी बाहर होना पड़ गया। स्टेन अभी तक ग्रोइन की चोट से पूरी तरह नहीं उबरे हैं जोकि उन्हें मोहाली में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान लगी थी।
तीन दिसंबर से दिसंबर शुरू होने वाले चौथे और अंतिम टेस्ट के लिए मेहमान टीम के गेंदबाज काइल एबोट और स्टेन के कवर के रूप में आए मर्चेंट डि लांगे ने नेट पर ज्यादा अभ्यास किया। मंगलवार को स्टेन बैठे रहे और उन्होंने ट्रेनिंग में भी हिस्सा नहीं लिया। यहां तक कि उन्होंने अपने गेंदबाजी करने वाले जूते स्पाइक्स भी नहीं पहने। उन्होंने काफी समय दिल्ली के युवा ऑलराउंडर सारंग रावत के साथ गुजारा जिन्होंने इसी सीजन में प्रथम श्रेणी पदार्पण किया है। सारंग ने नेट पर गेंदबाजी भी की। 21 वर्षीय सारंग ने बताया कि स्टेन ने उन्हें कई टिप्स दिए जैसे कलाई की पोजीशन क्या होनी चाहिए। यह भी बताया कि कैसे वह शरीर के निचले हिस्से को सीधा रखकर अपनी गति को बढ़ा सकता हैं।