क्रिकेट वर्ल्ड कप का 11वां संस्करण ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जा रहा है। खिताब बचाने उतरी टीम इंडिया लगातार 4 मैच जीतकर पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है और उसकी नजर लीग चरण में अपने सभी छह मैच में जीत हासिल करने पर है।
भारत की टीम अब न्यूजीलैंड पहुंच चुकी है और वर्ल्ड कप में इस किवी धरती पर उसका पहला मुकाबला उलटफेर में माहिर आयरलैंड की टीम से होगा। यह मैच हैमिल्टन में भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े 6 बजे से खेला जाएगा। इससे पहले भारत ने अपने सभी चारों मैच ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेले और जीत हासिल की।
लीग चरण के बाद नॉकआउट दौर के मुकाबले शुरू होंगे और इस लिहाज से अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए टीम इंडिया अंतिम 2 लीग मैचों में कुछ बदलाव करने की योजना बना सकती है और वह बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मुकाबले में उतार सकती है। भारत के अगले दोनों ही मुकाबले बेहद आसान है, आयरलैंड के बाद उसे जिम्बाब्वे से खेलना होगा।
हालांकि भारतीय टीम प्रबंधन उलटफेर में माहिर आयरलैंड को हल्के में लेने की जुर्रत नहीं करेगी। इस यूरोपीय टीम ने टूर्नामेंट में टेस्ट क्रिकेट खेलने वाली दो बड़ी टीमों वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराकर उलटफेर करने के अपने कारनामे को जारी रखा है। इस टीम को भी अगले दौर में जाने के लिए एक मैच में जीत हासिल करने की दरकार है।
नए खिलाड़ियों को भी आजमा सकते हैं धोनी
आयरलैंड लगातार दूसरे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का सामना करने जा रहा है। पिछले वर्ल्ड कप में भारत के हाथों 5 विकेट से मिली हार के बाद इस बार उसकी नजर टीम इंडिया को परेशान करने पर हो सकती है। आयरलैंड अगर क्वार्टर फाइनल में पहुंचता है तो या पाकिस्तान या फिर वेस्टइंडीज में से किसी को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ेगा। पूल- बी में दो टेस्ट टीमों और अफगानिस्तान को हराने के बाद उसके 4 मैचों से 6 अंक हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका पहले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं, जबकि अभी दो और टीमों का चयन होना बाकी है। दक्षिण अफ्रीका पर पाक की जीत ने आयरलैंड का रास्ता थोड़ा मुश्किल कर दिया है। आयरलैंड अगर कल के मैच में भारत को हरा देता है तो वह नॉकआउट दौर में पहुंच जाएगा। अगर आयरलैंड भारत से हार जाता है तो उसे अपने अंतिम लीग मैच में पाक को हराना होगा। अगर वह यहां भी पाक से हार जाता है तो उसे मनाना होगा कि उसका औसत विंडीज टीम से बेहतर हो, तभी वह आगे का रास्ता तय कर पाएगा।
टीम इंडिया ने इस मैदान पर अभी तक केवल दो मैच जीते हैं जबकि 1981 से वह 8 मैच खेल चुकी है। जबकि आयरलैंड अपना पहला मैच इस मैदान पर खेलेगा। भारतीय आलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी ने अपने वनडे करियर की शुरुआत इसी मैदान से की थी।
विंडीज के खिलाफ पर्थ में खेले गए मैच में भारत की शीर्ष और मध्य क्रम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी। ओपनर रोहित शर्मा इस मैच से लय हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं, जबकि शिखर धवन, विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे अपने प्रदर्शन में और सुधार करना चाहेंगे। वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन लगातार विकेट झटककर विपक्षी टीम पर दबाव बनाने का काम कर सकते हैं। हो सकता है कप्तान धोनी इस मैच में कुछ बदलाव करते हुए दूसरे खिलाड़ी को भी आजमा सकते हैं।
IND Vs IRE: हाई स्कोरिंग होगा यह मुकाबला
भारत और आयरलैंड के बीच मंगलवार को होने वाला ग्रुप-बी का मुकाबला भी हाईस्कोरिंग हो सकता है। सीडन पार्क में होने वाले मैच के बारे में क्यूरेटर कार्ल जॉनसन का कहना है कि पिच बल्लेबाजी के अनुकूल है।
वैसे तो इस मैदान में गेंदबाज सीम और स्विंग का कमाल दिखाते आए हैं लेकिन जानसन के मुताबिक आईसीसी के निर्देशानुसार उन्होंने ऐसी पिच तैयार की है जो रनों से भरपूर है। अब तक 2 मैचों में बने स्कोर से आईसीसी खुश भी है।
दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में 616 रन बने थे। जॉनसन ने पिछले आईपीएल टूर्नामेंट में पुणे के सहारा स्टेडियम की पिच तैयार की थी। पिच पर घास नहीं है ऐसे में तेज गेंदबाजों को खास मदद मिलने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि मैदान में 9 पिच तैयार की गई हैं। भारत और आयरलैंड का मैच नई पिच पर खेला जाएगा लेकिन उसके मिजाज में ज्यादा फर्क नहीं होगा।
दूसरी ओर, वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की चुनौती को जीवंत रखने की कोशिशों में जुटे आयरलैंड के कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड ने कहा है कि भारत के कुछ अहम खिलाड़ियों को आराम देने की संभावना के बावजूद उन्हें नहीं लगता गत चैंपियन टीम कोई ढिलाई बरतेगी। वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और यूएई को हरा चुके आयरलैंड को मंगलवार को भारत का सामना करना है और उसकी नजरें अंतिम आठ में जगह बनाने पर टिकी हैं।
जिम्बाब्वे पर 5 रन की रोमांचक जीत के बाद पोर्टरफील्ड ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि वे कभी ढिलाई बरतेंगे। उनके पास 15 लोगों की टीम है इसलिए वे जिसे खिलाना चाहें खिला सकते हैं। उन्होंने कहा यह लंबा टूर्नामेंट है और वे लय खोना नहीं चाहेंगे। वे जो भी फैसला करते हैं वह हमारे नियंत्रण में नहीं है। वे जिसे भी खिलाने का फैसला करें इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें सिर्फ लय बरकरार रखनी होगी और छोटी-छोटी चीजों में सुधार जारी रखते हुए आगे बढ़ना होगा। भारत टूर्नामेंट में अब तक अजय रहा है। महेंद्र सिंह धोनी की टीम पाकिस्तान दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी टीमों को हरा चुकी है।"