लगातार 4 मैचों में 5 शतक लगने के बावजूद टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेली जा रही द्विपक्षीय वनडे सीरीज में 0-4 से पिछड़ने के बाद अब पांचवें मैच में सम्मान बचाने का अंतिम मौका मिलेगा।
धोनी की टीम 5 मैचों की सीरीज पहले ही गंवा चुकी है और शनिवार को टीम इंडिया जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में इस दौरे का अंतिम वनडे मैच खेलने उतरेगी तो उसका लक्ष्य जीत के साथ सीरीज में अपना सूपड़ा साफ होने से बचाने पर होगा। यह मैच सिडनी में भारतीय समयानुसार सुबह 8:50 पर शुरू होगा।
ऑस्ट्रेलिया में भारत और कंगारू टीम के बीच पहली बार खेली जा रही द्विपक्षीय वनडे सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने अब तक बेहद शानदार प्रदर्शन किया और सभी चारों मैचों में मेजबान गेंदबाजों की जमकर क्लास लेते हुए 290 से ज्यादा का स्कोर किया है। कैनबरा में चौथे मैच में तो भारतीय टीम 349 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय जीत के नजदीक पहुंच गई थी लेकिन मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने खराब शॉट खेलकर अपने विकेट गंवा दिए और भारत जीत से दूर रह गया। भारतीय पारी 50वें ओवर में 323 रन बनाकर आउट हो गई थी।
बल्लेबाज जहां सीरीज में अब तक काफी सफल रहे हैं, लेकिन गेंदबाज मैच में मेजबान टीम के पूरे विकेट लेने में नाकाम रहे हैं। अब जब वनडे सीरीज भारत के हाथ से निकल चुकी है ऐसे में यह मैच सम्मान बचाने के साथ-साथ ट्वंटी-20 की अगली सीरीज में जीत के साथ मैदान पर उतरने का काम कर सकती है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी धरती पर लगातार 18 जीत दर्ज कर चुकी है। इससे पहले वह नवंबर 2014 में पर्थ में दक्षिण अफ्रीका से हारी थी।