प्रवीण कुमार ने अपनी राय रखी है। उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह देते हुए कहा, "मैं यह काफी पहले से कह रहा हूं। पैसे कमाओ, कौन मना कर रहा है? पैसा कमाने चाहिए, लेकिन ऐसा भी नहीं होना चाहिए कि आप घरेलू क्रिकेट नहीं खेल रहे, देश को महत्व नहीं दे रहे। "
ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को हाल ही में बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर किया गया था। बोर्ड के इस फैसले ने क्रिकेट जगत में एक नए विवाद को हवा दे दी। पूर्व क्रिकेटर्स इस मु्द्दे पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाज प्रवीण कुमार ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है।
विज्ञापन
दरअसल, बोर्ड ने हाल ही में खिलाड़ियों के रेड बॉल क्रिकेट को तरजीह न देने के रवैये पर नाराजगी जाहिर की थी। बोर्ड ने ऐसे खिलाड़ियों पर सख्त कार्रवाई की हिदायत भी थी, लेकिन ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने बीसीसीआई की धमकी को हल्के में लेते हुए आईपीएल की तैयारियों में व्यस्त होना उचित समझा। माना जा रहा है कि बोर्ड ने दोनों के इस व्यवहार से नाखुश होकर उन्हें केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया।
पूर्व गेंदबाज का बयान
इस पर अब प्रवीण कुमार ने अपनी राय रखी है। उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह देते हुए कहा, "मैं यह काफी पहले से कह रहा हूं। पैसे कमाओ, कौन मना कर रहा है? पैसा कमाने चाहिए, लेकिन ऐसा भी नहीं होना चाहिए कि आप घरेलू क्रिकेट नहीं खेल रहे, देश को महत्व नहीं दे रहे। यह चीज खिलाड़ियों के दिमाग में बैठ गई है। मैं एक महीने पहले आराम कर लेता हूं, फिर आईपीएल खेल लूंगा।"
विज्ञापन
पूर्व गेंदबाज ने आगे कहा, "यह मानसिक होता है कि मैं इतने पैसे कैसे छोड़ दूं। यह इसलिए होता है, क्योंकि आप उस पैसे को जाने नहीं देना चाहते हैं। हालांकि, यह बिल्कुल भी सही नहीं है। एक खिलाड़ी को चीजों को बैलेंस करना चाहिए। पैसा जरूरी है, पर फ्रेंचाइजी क्रिकेट को ऊपर रखना एकदम गलत है।"
भारत के स्टार गेंदबाज रह चुके प्रवीण कुमार
प्रवीण कुमार ने भारत के लिए 2007 में डेब्यू किया था। उन्होंने टीम इंडिया के लिए छह टेस्ट, 68 वनडे और 10 टी20 खेले। 2008 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की कॉमनवेल्थ बैंक सीरीज में जीत में प्रवीण ने अहम भूमिका निभाई थी। टेस्ट में 27 विकेट, वनडे में 77 विकेट और टी20 में आठ विकेट ले चुके हैं। प्रवीण ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच 2012 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। वह 119 आईपीएल मैच भी खेल चुके हैं और 90 विकेट ले चुके हैं।