भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। प्रसिद्ध का पांच मैचों की वनडे सीरीज में खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर था। प्रसिद्ध हैम्स्ट्रिंग चोट से उबर रहे थे, लेकिन उन्हें मैच के लिए पूरी तरह फिट होने में अभी समय लगेगा। प्रसिद्ध का बाहर होना तय माना जा रहा था और अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि भी कर दी है।
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच फिलहाल टी20 सीरीज खेली जा रही है। टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला सात नवंबर को वेलिंगटन में और तीसरा वनडे 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा और पांचवां वनडे क्रमशः 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई (टौरंगा) के बे ओवल मैदान पर खेले जाएंगे।
प्रसिद्ध कृष्णा-विराट कोहली
- फोटो : IANS
फिटनेस पर निर्भर थी उपलब्धता
प्रसिद्ध वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे थे। बीसीसीआई ने कुछ दिनों पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का एलान किया था। प्रसिद्ध को सिर्फ शुरुआती तीन मैचों के लिए टीम में जगह मिली थी। प्रसिद्ध कृष्णा की उपलब्धता उनकी फिटनेस और बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने पर निर्भर थी, लेकिन अब यह तय हो गया है कि वह वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।
भारत ए टीम से जुड़ेंगे प्रसिद्ध-सिराज
बीसीसीआई ने हालांकि, प्रसिद्ध की जगह किसी को वनडे टीम में शामिल नहीं किया है। बीसीसीआई ने बताया कि प्रसिद्ध भले ही वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं, लेकिन वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे। इससे उन्हें टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए मैच अभ्यास का मौका मिलेगा। इसके अलावा मोहम्मद सिराज 31 अक्तूबर से न्यूजीलैंड ए के खिलाफ होने वाले दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए टीम से जुड़े हैं।
पहले वनडे के लिए टीम में शामिल रहेंगे नीतीश
बीसीसीआई ने साथ ही बताया कि नीतीश कुमार रेड्डी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के लिए टीम का हिस्सा बने रहेंगे जो चार नवंबर के खेला जाना है। नीतीश न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे जिससे उन्हें 19 नवंबर से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए समय मिलेगा।
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मैच के लिए भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, यश राठौड़, आर. समरन, ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, शिखर मोहन, मुकेश चौधरी, मुकेश कुमार, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर)।