टीम इंडिया के बेहतर प्रदर्शन से मुख्यचयनकर्ता एमएसके प्रसाद प्रसन्न हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वन डे सीरीज को लेकर एक बड़ी बात कही है। चयनकर्ताओं की कमेटी के चेयरमैन एमएसके प्रसाद का कहना है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी पांच वन डे मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया सभी मैचों में ऑस्ट्रेलिया पर हावी रहेगी। प्रसाद ने कहा कि टीम इंडिया अब हर तरफ से मजबूत हो गई है। जीत के लिए जरूरी सभी बिंदुओं पर टीम इंडिया पुख्ता हो चुकी है। गेंद और बल्ले के साथ क्षेत्ररक्षण में भी वह अब पहले से काफी मजबूत हो गई है। टीम का हर खिलाड़ी मैच के दौरान अब किसी भी मौके को गंवाता नहीं है।
टीम इंडिया
- फोटो : zee news
प्रसाद ने कहा कि चेन्नई में पहले मैच में ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने टीम इंडिया के 87 रन पर 5 विकेट झटक लिए थे। तब ऐसा लगा कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज में एक कड़ी चुनौती पेश करेगी। लेकिन बाद में टीम इंडिया ने चेन्नई में 7 विकेट पर 281 रन बना दिए थे। यह टीम इंडिया की मजबूती को दर्शाता है। प्रसाद ने कहा चेन्नई का मैच काफी रोमांचक रहा। ऐसा मैच उन्होंने काफी समय बाद देखा। मुख्य चयनकर्ता ने कहा कि चेन्नई में एमएस धोनी और हार्दिक पांड्या ने काफी बेहतर खेल दिखाया। उनके खेल को देखने के बाद कहा जा सकता है कि टीम इंडिया में मैच विनर निचले क्रम में भी मौजूद हैं।
एम एस धोनी और विराट कोहली
- फोटो : PTI
टीम के चयन पर प्रसाद ने कहा कि चयनकर्ता खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर एक संतुलित और बेहतर टीम की घोषणा करते हैं। मैच में किस खिलाड़ी को जगह मिलती है इस पर फैसला कप्तान और टीम मैनेजमेंट को लेना होता है। उल्लेखनीय है कि कोलकाता में भी टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 50 रन से हराते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। तीसरा मैच इंदौर में रविवार को खेला जाएगा।