महान क्रिकेटरों ने मिलकर रविवार को आयोजित चैरिटी मैच के जरिए ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग के पीड़ितों के लिए धन जुटाने में मदद की। मुकाबले में रिकी पोंटिंग एकादश ने एक रन से रोमांचक जीत हासिल की। सचिन तेंदुलकर की कोचिंग वाली पोंटिंग एकादश ने ब्रायन लारा (30*), कप्तान पोंटिंग (26) की मदद से दस ओवरों में पांच विकेट पर 104 रन बनाए। गिलक्रिस्ट की टीम शेन वाटसन (30) की पारी के बावजूद 103 रन ही बना सकी।
इस चैरिटी मैच से 55 करोड़ रुपये की राशि जुटाई गई जो जंगल में लगी आग के पीड़ितों की मदद में काम आएगी। एकत्रित धन को अब ऑस्ट्रेलियाई रेड क्रॉस आपदा एवं राहत बचाव फंड को दान किया जाएगा। मैच के दौरान वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा 11 गेंदों पर 30 रन बनाकर रिटायर हुए। उन्होंने एंड्रयू साइमंडस पर दो छक्के भी लगाए। तीन चौके भी लगाए। वहीं सचिन ने चौके के साथ अपने पारी की शुरुआत की।