भारत के पूर्व क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ का बुधवार को कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। 71 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। दिग्गज क्रिकेटर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह ने भी दुख जताया।
पीएम ने जताया दुख
पीएम ने अंशुमान गायकवाड़ के निधन पर शोक जताया। उन्होंने 'एक्स पर लिखा, "श्री अंशुमान गायकवाड़ जी को क्रिकेट में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। वे एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी और एक बेहतरीन कोच थे। उनके निधन से बहुत दुख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।"
गृह मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
गृह मंत्री अमित शाह ने भी पूर्व क्रिकेटर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, "अंशुमान गायकवाड़ जी के निधन से बहुत दुःख हुआ, वे एक महान क्रिकेटर थे जिनके क्रिकेट कौशल ने भारतीय क्रिकेट का गौरव बढ़ाया। इस दुख की घड़ी में मेरी हार्दिक संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।"
जय शाह ने शोक व्यक्त किया
वहीं, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने पूर्व क्रिकेटर के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "श्री अंशुमान गायकवाड़ के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। पूरे क्रिकेट जगत के लिए यह दुखद घटना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।"
गंभीर ने भी जताया दुख
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी पूर्व क्रिकेटर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "अंशुमान गायकवाड़ जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। भगवान उनके परिवार और प्रियजनों को शक्ति प्रदान करें।"