एशिया कप 2023 को हाइब्रिड मॉडल को लेकर पीसीबी के संभावित नए अध्यक्ष जका अशरफ ने नरम रुख अपना लिया है। बुधवार को उन्होंने हाइब्रिड मॉडल को पूरी तरह खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि एसीसी ने इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान को दी है। ऐसे में पूरे टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान में ही होना चाहिए। हाइब्रिड मॉडल के तहत सभी बड़े मैच श्रीलंका में हो रहे हैं और पाकिस्तान में सिर्फ बांग्लादेश और भूटान जैसी टीमें खेल रही हैं। हालांकि, अब उन्होंने कहा है कि एशिया कप के लिए हाइब्रिड मॉडल पर पहले ही मुहर लग चुकी है और वह इसे बदलने के लिए ज्यादा कुछ नहीं कर सकते।
एक स्पोर्ट्स वेबसाइट से बातचीत में अशरफ ने कहा था "मेरी व्यक्तिगत राय में, यह पूरा हाइब्रिड मॉडल पाकिस्तान के लिए फायदेमंद नहीं है और मुझे यह पसंद नहीं आया। एक मेजबान होने के नाते, पाकिस्तान को यह सुनिश्चित करने के लिए बेहतर बातचीत करनी चाहिए थी कि पूरा टूर्नामेंट पाकिस्तान में खेला जाना चाहिए। श्रीलंका को बहुत सारे मुकाबलों की मेजबानी मिली है। पाकिस्तान को केवल चार मैचों की मेजबानी मिलना, हमारे देश के हित में नहीं है।"
Asia Cup: पाकिस्तान के संभावित नए चेयरमैन ने एशिया कप का हाइब्रिड मॉडल ठुकराया, बीसीसीआई और पीसीबी में टकराव
अशरफ के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी बातें हुईं और कयास लगाए गए कि पाकिस्तान के बिना ही एशिया कप का आयोजन श्रीलंका में हो सकता है, जिसमें पांच देश ही शामिल होंगे। हालांकि, बाद में अशरफ ने इस मामले पर नरम रुख अपनाया और कहा कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और एशियाई क्रिकेट परिषद के बीच पहले ही हो चुके मौजूदा समझौते को बाधित करने का प्रयास नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा "लेकिन मैं देख रहा हूं कि निर्णय हो चुका है, इसलिए हमें इसके साथ चलना होगा। मैं निर्णय को अवरुद्ध नहीं करूंगा या इसका अनुपालन न करने का मेरा कोई इरादा नहीं है। मैं प्रतिबद्धता का सम्मान करने के अलावा इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कर सकता। लेकिन आगे बढ़ते हुए हम जो निर्णय लेंगे वह देश के हित में होगा।"
एशिया कप का स्थान और कार्यक्रम महीनों से क्रिकेट जगत में बहस का एक बड़ा मुद्दा रहा है। पीसीबी बनाम बीसीसीआई गतिरोध के बाद, पाकिस्तान बोर्ड ने अंतरिम प्रमुख नजम सेठी की अध्यक्षता में एक 'हाइब्रिड मॉडल' का सुझाव दिया। मॉडल के अनुसार टूर्नामेंट के 13 मैचों में से चार से पांच मैच पाकिस्तान में खेले जाएंगे। बाकी मैच श्रीलंका में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें भारत बनाम पाकिस्तान के सभी मुकाबले और साथ ही टूर्नामेंट का फाइनल भी शामिल है।