जय शाह (बाएं) और जका अशरफ (दाएं)
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई सचिव और एशिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जय शाह के प्रति खासी नराजगी जताई है। जय शाह ने सोशल मीडिया पर एशिया कप 2023 का शेड्यूल जारी किया था। इसी दिन लाहौर में पीसीबी ने एशिया कप 2023 के शेड्यूल का ऐलान और ट्रॉफी का अनावरण करने के लिए एक इवेंट का आयोजन किया था। यह इवेंट 19 जुलाई को लाहोर में आयोजित हुआ, जहां कुछ पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर और पीसीबी क्रिकेट मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष जका अशरफ भी मौजूद थे। हालांकि, इवेंट के शुरु होने से आधे घंटे पहले ही जय शाह ने सोशल मीडिया पर एशिया कप 2023 का शेड्यूल जारी कर दिया। पीसीबी और एशियाई क्रिकेट संघ के बीच तय हुआ था कि जय शाह लाहौर में इवेंट शुरु होने के पांच मिनट बाद शेड्यूल जारी करेंगे, लेकिन जय शाह ने लगभग आधे घंटे पहले सोशल मीडिया पर एशिया कप का शेड्यूल जारी कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जय शाह के ऐसा करने से पीसीबी का इवेंट पूरी तरह खराब हो गया। इवेंट हुआ जरूर लेकिन उसने अपना महत्व खो दिया, क्योंकि शेड्यूल पहले से ही जारी हो चुका था। इस घटना के बाद पीसीबी एसीसी से खासा नाराज है। हालांकि, ऐसा कहा जा रहा है कि यह सब एक गलतफहमी के कारण हुआ है। एसीसी ने बताया की यह सब दोनों देशों के समय के अंतर के कारण हुआ। समझने वाली बात यह है कि भारत का समय पाकिस्तान से आधा घंटा आगे है, इसलिए जय शाह ने तय समय पर ही शेड्यूल जारी किया, लेकिन वह पाकिस्तान में इवेंट शुरू होने से आधे घंटे पहले ही जारी हो गया।
बोर्ड के एक सूत्र का कहना है कि "ऐसा लग रहा है कि यह पाकिस्तान से हिसाब बराबर करने की साजिश है। पीसीबी के अध्यक्ष अशरफ और खेल मंत्री एहसाल मजारी के आईसीसी वार्षिक बैठक में जय शाह के साथ बुरे बर्ताव के कारण यह किया गया है। सूत्र ने बताया - ऐसा लग रहा है जैसे जय शाह ने सारी परेशानियों और सवालों का हिसाब बराबर कर दिया है, चाहे वह जका के एशिया कप में पाकिस्तान आने का निमंत्रण ही क्यों न हो, जो कि मजारी और और पीसीबी ने पूरी मीडिया में फैला रखा था।"
एशिया कप 2023 हाइब्रिड मॉडल के तहत खेला जाएगा। एशिया कप की शुरुआत 30 अगस्त से मुल्तान में होगी। टूर्नामेंट का पहला मैच पाकिस्तान और नेपाल के बीच खेला जाएगा। वहीं पाकिस्तान और भारत का मुकाबला श्रीलंका के कैंडी मैदान पर दो सितंबर को खेला जाएगा। एशिया कप के कुल 13 मैचों में से चार मैच पाकिस्तान में खेले जाएंगे, जिसमें सुपर चार का एक मुकाबला भी शामिल है। वहीं, फाइनल सहित बाकी के नौ मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे। भारत के सभी मैच श्रीलंका में ही होंगे।