जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने आईपीएल को तवज्जो देते हुए पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में खेलने से इनकार कर दिया था। अब पाकिस्तान मुजरबानी के इस फैसले से बौखला गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मुजरबानी को अपनी टीम में शामिल किया था, जिसके बाद जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज ने पीएसएल की फ्रेंचाइजी इस्लामाबाद यूनाइटेड को अपनी अनुपलब्धता के बारे में सूचित कर दिया था।
इस्लामाबाद युनाइटेड ने मुजरबानी से किया था करार
मुजरबानी इससे पहले पीएसएल में मुल्तान सुल्तान को खिताब दिला चुके हैं। उन्हें 11 फरवरी को पीएसएल की नीलामी में किसी ने नहीं खरीदा था, लेकिन बाद में इस्लामाबाद फ्रेंचाइजी ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ की जगह मुजरबानी के साथ करार किया था। हालांकि, केकेआर के साथ करार करने के बाद मुजरबानी ने आईपीएल में ही खेलने का फैसला किया।
पाकिस्तान को रास नहीं आया फैसला
मुजरबानी का यह फैसला पाकिस्तान को जरा भी रास नहीं आया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पीसीबी मुजरबानी के फैसले को करार के उल्लंघन के रूप में देख रही है और कानूनी कार्रवाई के लिए विकल्पों पर विचार कर रही है। यह लगातार दूसरा साल है जब किसी खिलाड़ी ने पीएसएल करार पहले से होने के बावजूद आईपीएल को प्राथमिकता दी है। पिछले सीजन दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही कदम उठाया था। उन्हें पेशावर जाल्मी ने चुना था। बाद में वह आईपीएल की टीम मुंबई इंडियंस से जुड़ गए थे।
मुजरबानी ने किया था प्रभावित
ब्लेसिंग मुजरबानी ने हाल में संपन्न टी20 विश्व कप 2026 में शानदार गेंदबाजी की थी और जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। मुजरबानी ने 13 विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुजरबानी के चार विकेट ने ही जिम्बाब्वे को ग्रुप स्टेज में जीत दिलाई थी। आईपीएल और पीएसएल का सत्र एक बार फिर टकरा रहा है। आईपीएल 28 मार्च से शुरू हो रहा है, जबकि पीएसएल 26 मार्च से तीन मई तक प्रस्तावित है।