रमीज राज को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं, नजम सेठी को पीसीबी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। इस समिति ने कार्यभार संभालते ही अनुबंधित खिलाड़ियों को सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर बयानबाजी भी कम करने कहा है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की नई क्रिकेट प्रबंधन समिति ने केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों से साफ तौर पर कहा है कि उन्हें अपने अनुबंध के प्रावधानों का पालन करना होगा और इसमें कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीसीबी शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और शाहनवाज दहानी जैसे खिलाड़ियों के बाबर आजम के समर्थन में पोस्ट से नाराज था।
ऐसे में पीसीबी ने इन खिलाड़ियों से साफ तौर पर कहा है कि पाकिस्तान के कप्तान या कप्तानी को लेकर ट्वीट करना उनका काम नहीं है। पीसीबी और बाबर के बीच तनातनी की खबरों के दौरान शाहीन और हारिस ने बाबर को कप्तान बनाए रखने के समर्थन में ट्वीट किए थे। उन्होंने कहा था कि पीसीबी को बाबर को कप्तान के तौर पर हटाने के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए।
हालांकि, बाद में शाहीन ने वह ट्वीट डिलीट कर लिया था। नजम सेठी की अध्यक्षता वाले बोर्ड ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से कहा है कि उनका काम क्रिकेट पर ध्यान देना और अच्छा प्रदर्शन करना है। दरअसल, रमीज राजा के कार्यकाल के दौरान खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट करने की छूट थी। ऐसे में खिलाड़ी भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। पर अब नए बोर्ड अध्यक्ष ने फालतू बयानबाजी पर रोक लगा दी है।
इसके अलावा पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी को पाकिस्तान की राष्ट्रीय चयन समिति का अंतरिम अध्यक्ष भी बनाया गया है। पेसर शाहीन आफरीदी जल्द ही शाहिद आफरीदी के दामाद भी बनने वाले हैं। ऐसे में शाहीन की इस तरह की बयानबाजी से शाहिद के साथ संबंधों पर भी असर पड़ सकता है। पाकिस्तान को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है।